हरियाणा में मानसून की विदाई, अब मौसम रहेगा साफ!
हरियाणा में मानसून की विदाई शुरू, 112 दिनों में 568 मिमी बारिश हुई। 20 से 22 सितंबर तक मौसम साफ रहेगा, तापमान में बढ़ोतरी और वायरल संक्रमण पर ध्यान दें।
➤ हरियाणा में मानसून की विदाई शुरू
➤ प्रदेश में 112 दिनों में 568 मिमी बारिश दर्ज
➤ 20 से 22 सितंबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान
हरियाणा में आज शनिवार से मानसून की विदाई हो रही है। इस बार मानसून लगभग 112 दिनों तक सक्रिय रहा और पूरे सीजन में प्रदेश में 568 मिमी बारिश हुई। 19 सितंबर तक दर्ज आंकड़ों के अनुसार, यह सामान्य स्तर से 39 प्रतिशत अधिक है।
भारत मौसम विभाग (IMD), चंडीगढ़ के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है और मौसम साफ रहने का अनुमान है। मानसून की विदाई के साथ ही गर्मी ने भी दोबारा दस्तक दे दी है। प्रदेश में दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने लगा है। शुक्रवार को हिसार सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, पलवल का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे कम तापमान यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में 28 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिन और रात के तापमान में अंतर आने के बाद वायरल संक्रमण, खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग के अध्यक्ष, डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 20, 21 और 22 सितंबर को प्रदेश में किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट नहीं है और मौसम साफ रहेगा। इससे पहले शुक्रवार को पंचकूला में तेज बारिश हुई थी, जबकि कैथल में काली घटाएं छाई रहीं।
प्रदेश में अब तक औसत 409.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 568.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश यमुनानगर में 1116.5 मिमी और सबसे कम सिरसा में 346.6 मिमी रही।
Akhil Mahajan