हरियाणा में पेट्रोल-डीजल के दामों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
हरियाणा में पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार तेजी जारी है। यमुनानगर के साढ़ौरा में पेट्रोल ₹103 प्रति लीटर पार पहुंच गया है, जिससे आम लोगों का बजट प्रभावित हुआ।
हरियाणा में पेट्रोल-डीजल के दामों में रिकॉर्ड तेजी दर्ज
15 दिनों में पेट्रोल ₹8 तक महंगा, साढ़ौरा में ₹103 पार
बढ़ती कीमतों से ट्रांसपोर्ट और घरेलू बजट पर बढ़ा दबाव
हरियाणा में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले करीब 15 दिनों में कई बार हुए रेट संशोधन के बाद अब ईंधन के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। बढ़ती कीमतों का असर सीधे तौर पर लोगों के घरेलू बजट और रोजमर्रा की जिंदगी पर दिखाई देने लगा है।
यमुनानगर के साढ़ौरा क्षेत्र में पेट्रोल ₹103.35 प्रति लीटर तक पहुंच गया है, जबकि डीजल ₹95.98 प्रति लीटर दर्ज किया गया। वहीं पावर पेट्रोल ₹112.99 और टर्बो डीजल ₹99.66 प्रति लीटर तक बिक रहा है। लगातार बढ़ते दामों के कारण वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
तेल कंपनियों की ओर से जारी दैनिक रेट के अनुसार 11 मई के बाद ईंधन कीमतों में लगातार तेजी का दौर बना हुआ है। पेट्रोल पंप संचालकों के मुताबिक इस दौरान पेट्रोल करीब ₹7 से ₹8 प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है। वहीं डीजल में भी लगभग ₹7 प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सबसे बड़ा झटका 15 मई को लगा था, जब पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में करीब ₹3 प्रति लीटर तक इजाफा हुआ। इसके बाद 19, 20, 22, 23 और 25 मई को भी लगातार कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे आम लोगों के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट सेक्टर की चिंता भी बढ़ गई है।
जारी रेट ट्रेंड के अनुसार 11 मई को पेट्रोल ₹95.70 और डीजल ₹88.14 प्रति लीटर था। वहीं 25 मई तक पेट्रोल ₹103.35 और डीजल ₹95.98 प्रति लीटर तक पहुंच गया। यानी सिर्फ 15 दिनों में ईंधन कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला है।
ट्रांसपोर्टर रविंद्र राणा ने कहा कि डीजल महंगा होने से ट्रकों और कमर्शियल वाहनों का संचालन खर्च तेजी से बढ़ रहा है। इसका असर आने वाले दिनों में फल-सब्जी, निर्माण सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट सेक्टर पहले से ही बढ़ती लागत के दबाव में है और अब ईंधन की महंगाई ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
निजी वाहन चालक अमित कुमार, राजेश कुमार, अमन राणा और बलदेव सिंह ने बताया कि रोजाना नौकरी और कारोबार के लिए आने-जाने का खर्च काफी बढ़ गया है। पेट्रोल ₹100 के पार पहुंचने के बाद बाइक और कार चलाना मध्यम वर्ग के लिए महंगा साबित हो रहा है।
महिलाओं ने भी बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई। मॉडल टाउन की निधि जैन, रामपुरा कॉलोनी की सभ्यता देवी और आजाद नगर की किरण भोला ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। रसोई, बच्चों की पढ़ाई और अन्य खर्चों के बीच अब वाहन खर्च संभालना मुश्किल होता जा रहा है।
pooja