16 फरवरी से बदलेगा हरियाणा के स्कूलों का समय, जानें
हरियाणा में 16 फरवरी से स्कूलों का समय बदल जाएगा। सिंगल शिफ्ट स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक और डबल शिफ्ट स्कूलों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है।
16 फरवरी से बदलेगा हरियाणा के स्कूलों का समय, सुबह 8 बजे से लगेंगी कक्षाएं; सिंगल और डबल शिफ्ट के अलग शेड्यूल
➤ 16 फरवरी से लागू होगा नया टाइम टेबल
➤ सिंगल शिफ्ट स्कूल सुबह 8 से दोपहर 2:30 तक
➤ डबल शिफ्ट स्कूलों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित
हरियाणा में स्कूलों के समय में 16 फरवरी से बदलाव होने जा रहा है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय द्वारा पूर्व में जारी पत्र के अनुसार अब प्रदेश के स्कूल निर्धारित ग्रीष्मकालीन समय के अनुसार संचालित होंगे। इस बदलाव के तहत एकल पारी यानी सिंगल शिफ्ट वाले विद्यालय सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चलेंगे। यह समय 16 फरवरी से 14 नवंबर तक लागू रहेगा।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय हरियाणा ने पहले ही ग्रीष्म और शीतकालीन सत्र के लिए तिथियां तय कर दी थीं। शीतकालीन सत्र में 15 नवंबर से 15 फरवरी तक स्कूल सुबह 9:30 बजे से दोपहर बाद 3:30 बजे तक संचालित होते हैं। अब 16 फरवरी से गर्मियों के समय के अनुसार नई व्यवस्था लागू हो जाएगी, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को अपने दैनिक कार्यक्रम में बदलाव करना होगा।
डबल शिफ्ट यानी दोहरी पारी में संचालित होने वाले स्कूलों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है। गर्मियों में पहली पारी सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी, जबकि सर्दियों में यह समय सुबह 7:55 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहता है। दूसरी पारी गर्मियों में दोपहर 12:45 बजे से शाम 6:15 बजे तक और सर्दियों में दोपहर 12:40 बजे से शाम 5:15 बजे तक संचालित की जाती है।
डीईओ विश्वेष्वर कौशिक ने बताया कि विभाग की ओर से समय परिवर्तन संबंधी पत्र जारी कर दिया गया है और सभी स्कूलों को निर्देश दे दिए गए हैं। 16 फरवरी से नए समय के अनुसार ही कक्षाएं लगेंगी।
समय परिवर्तन के साथ विद्यार्थियों को अब सुबह जल्दी स्कूल पहुंचना होगा, जिससे परिवहन और दिनचर्या में भी बदलाव देखने को मिलेगा। अभिभावकों को भी बच्चों की तैयारी और आवागमन को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था के अनुसार तैयारी करनी होगी।
Akhil Mahajan