हरियाणा में ठंड के साथ कोहरे का डबल अटैक, 9 जिलों में बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
हरियाणा में ठंड और कोहरे का डबल अटैक शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 21 दिसंबर के बाद ही राहत मिलने के आसार हैं।
- हरियाणा में ठंड के साथ कोहरे का डबल अटैक शुरू
- 9 जिलों में बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी
- 21 दिसंबर के बाद ही कोहरा छंटने के आसार
हरियाणा में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। प्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ अब कोहरे का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 18 और 19 दिसंबर को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, करनाल, कैथल, सोनीपत, पानीपत और कुरुक्षेत्र जिलों में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य 13 जिलों में भी घना कोहरा रहने की चेतावनी देते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 21 दिसंबर के बाद ही कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद है। बीते कुछ दिनों में अचानक धुंध और कोहरा छाने से सड़कों पर कई हादसे हो चुके हैं। इसे देखते हुए वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
बुधवार को महेंद्रगढ़ जिले का नारनौल 5.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका दर्ज किया गया। ठंड के चलते सुबह और रात के समय ठिठुरन लगातार बढ़ रही है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन रात की ओस और सुबह के कोहरे ने ठंड का असर बढ़ा दिया है।
भिवानी में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सिरसा में 25.1 डिग्री और फरीदाबाद में 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पंचकूला में दिन का तापमान सबसे कम रहा, जहां अधिकतम तापमान केवल 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान पंचकूला में ठंड का असर सबसे ज्यादा बढ़ा, जहां तापमान में 6.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। करनाल में भी तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस तक गिरा।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में मौसम 20 दिसंबर तक खुश्क और परिवर्तनशील बना रहेगा। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी शीत हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी, जिससे रात के तापमान में गिरावट आ सकती है।
डॉ. खीचड़ ने बताया कि 18 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ आंशिक रूप से सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 18 से 20 दिसंबर के बीच आंशिक बादल छाने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। वातावरण में नमी बढ़ने से कई इलाकों में अलसुबह हल्की से मध्यम धुंध भी छाई रह सकती है।
Author1