नारनौल और राजस्थान सीमा से लगे इलाकों में हुई तेज बारिश
नारनौल में तेज बारिश के बीच हरियाणा में गर्मी बढ़ने लगी है। रोहतक 43.1°C के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि 8 से 10 जून तक कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
- नारनौल और राजस्थान सीमा से लगे इलाकों में हुई तेज बारिश
- रोहतक 43.1°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला बना
- 8 से 10 जून तक कई जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी
हरियाणा में रविवार को मौसम ने दो अलग-अलग रंग दिखाए। एक ओर नारनौल और राजस्थान सीमा से लगे क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ने से गर्मी का असर तेज हो गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है।
रविवार शाम को महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र में अचानक मौसम बदला और कई गांवों में तेज बारिश हुई। राजस्थान बॉर्डर से सटे इलाकों में बारिश का प्रभाव अधिक देखने को मिला। वहीं कई जिलों में धूलभरी हवाएं भी चलीं।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार चरखी दादरी, भिवानी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रेवाड़ी, नूंह, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल जिलों में धूलभरी हवाओं, गरज-चमक और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
इस बीच पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ते ही प्रदेश में तापमान फिर बढ़ने लगा है। रोहतक 43.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। औसत तापमान में करीब 3.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। ऐसे में कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका है।
प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया है। 8 जून को सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में लू चलने की संभावना है।
इसके बाद 9 जून को जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल जिलों में भी हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है। वहीं 10 जून को लगभग पूरे हरियाणा में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप रहने का अनुमान है।
हालांकि राहत की खबर यह है कि 11 और 12 जून को मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार जून के शुरुआती छह दिनों में हरियाणा में सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
किसानों और पशुपालकों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जिन क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, वहां फिलहाल खेतों में सिंचाई रोकने की सलाह दी गई है। वहीं पशुओं को खुले में बांधने की बजाय शेड के नीचे रखने और उन्हें गर्म हवाओं से बचाने के लिए उचित व्यवस्था करने को कहा गया है।
इसके अलावा भिंडी, लौकी, खीरा, तोरई और गर्मियों की मूली जैसी फसलों की बुआई सुबह या शाम के अपेक्षाकृत ठंडे समय में करने की सलाह दी गई है।
pooja