हरियाणा हुआ कूल -कूल, जानें कैसा रहेगा चार दिन तक मौसम
हरियाणा में 23 से 27 मार्च तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। 26 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
■ 26 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
■ 4 दिन तक बदलता रहेगा मौसम, बीच-बीच में शुष्क दिन भी
■ बारिश के बाद तापमान में गिरावट, गर्मी से मिली राहत
हरियाणा में मौसम आने वाले चार दिनों तक लगातार करवट बदलता नजर आएगा। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 27 मार्च के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान कभी हल्की बारिश तो कभी साफ मौसम की स्थिति बनी रहेगी, जिससे तापमान और वातावरण दोनों पर असर पड़ेगा। सोमवार को हुई बारिश के बाद प्रदेश में ठंडक महसूस की गई और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार 23 और 25 मार्च को हरियाणा के दक्षिण और पश्चिमी जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि 24 मार्च को अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि सबसे अहम दिन 26 मार्च रहेगा, जब कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए विभाग ने ‘पीला अलर्ट’ जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके बाद 27 मार्च को फिर से मौसम साफ होने की संभावना है।
सोमवार को हुई बारिश का असर तापमान पर साफ दिखाई दिया है। प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। भिवानी में सबसे ज्यादा 30.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुरुग्राम, जींद, करनाल, रोहतक और हिसार समेत अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। बादलों की मौजूदगी और ठंडी हवाओं के कारण दिन में तेज धूप का असर कम देखने को मिला और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
वहीं न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस भिवानी में रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नारनौल और करनाल में तापमान 13 से 15 डिग्री के बीच रहा, जबकि गुरुग्राम, हिसार और रोहतक जैसे जिलों में यह 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। लगातार बदलते मौसम के चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Akhil Mahajan