हिसार एयरपोर्ट से जम्मू-अहमदाबाद की सीधी उड़ान, 27 अक्टूबर से शुरू होगी सेवा; वैष्णो देवी यात्रा होगी आसान

हिसार एयरपोर्ट से 27 अक्टूबर से जम्मू और अहमदाबाद की सीधी उड़ान शुरू होने की तैयारी है। DGCA मंजूरी के बाद वैष्णो देवी यात्रा और व्यापारिक कनेक्टिविटी आसान होगी।

हिसार एयरपोर्ट से जम्मू-अहमदाबाद की सीधी उड़ान, 27 अक्टूबर से शुरू होगी सेवा; वैष्णो देवी यात्रा होगी आसान

27 अक्टूबर से हिसार से जम्मू और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान की तैयारी
वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं का 8-10 घंटे का सफर घटकर डेढ़ घंटे होगा
DGCA और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने विंटर शेड्यूल के स्लॉट को मंजूरी दी


हिसार। हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। करीब एक साल बाद 27 अक्टूबर से जम्मू और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की तैयारी है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और स्थानीय एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एलायंस एयर की ओर से विंटर शेड्यूल यानी अक्टूबर से मार्च के दौरान इन उड़ानों के लिए मांगे गए स्लॉट को मंजूरी दे दी है। सीधी उड़ान शुरू होने से जहां जम्मू जाने वाले यात्रियों और खासकर वैष्णो देवी श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी, वहीं हिसार, भिवानी और सिरसा के कारोबारियों को अहमदाबाद के व्यापारिक केंद्रों से सीधे जुड़ने का रास्ता आसान होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को हिसार-अयोध्या फ्लाइट काे हरी झंडी दिखाई थी।

जम्मू के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने के बाद वैष्णो देवी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सबसे बड़ा फायदा समय की बचत के रूप में मिलेगा। अभी इस सफर में करीब 8-10 घंटे लगते हैं, जबकि सीधी हवाई सेवा शुरू होने पर यह सफर घटकर महज डेढ़ घंटे का रह जाएगा। इससे हिसार और आसपास के क्षेत्रों से वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों के लिए यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगी।

इसी तरह अहमदाबाद के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने से हिसार के साथ-साथ भिवानी और सिरसा के कारोबारियों को गुजरात के व्यापारिक केंद्रों तक पहुंचने में सीधी सुविधा मिलेगी। कारोबार से जुड़े लोगों को कनेक्टिंग रूट के बजाय सीधे हवाई संपर्क का लाभ मिलने की उम्मीद है।

मौजूदा उड़ानों के समय में हो सकता है बदलाव

हिसार एयरपोर्ट से पहले से अयोध्या, दिल्ली, जयपुर और चंडीगढ़ के लिए उड़ानें ऑपरेशनल हैं। हालांकि, अक्टूबर से मार्च तक लागू होने वाले नए विंटर शेड्यूल के कारण इन उड़ानों के समय में आंशिक बदलाव हो सकता है। एयरपोर्ट से संचालित मौजूदा सेवाओं के बीच नई जम्मू और अहमदाबाद उड़ानों को शामिल किए जाने की तैयारी है।

11 महीने पहले शुरू हुई थी जयपुर की फ्लाइट

इससे पहले हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से सितंबर 2025 में जयपुर के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू हुई थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्चुअली हिसार-जयपुर फ्लाइट को रिमोट का बटन दबाकर रवाना किया था। उस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा था कि अगले चरण में हिसार-चंडीगढ़ फ्लाइट को जम्मू तक एक्सटेंड किया जाएगा।

करीब 11 महीने बाद अब विमानन कंपनी ने विंटर शेड्यूल में जम्मू और अहमदाबाद फ्लाइट के लिए शेड्यूल तक कर लिया है। इससे हिसार एयरपोर्ट से आने वाले समय में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की तस्वीर साफ होती नजर आ रही है।

पीएम मोदी ने शुरू की थी हिसार-अयोध्या फ्लाइट

हिसार एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं के विस्तार की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार से अयोध्या के लिए पहली फ्लाइट का शुभारंभ किया था। 14 अप्रैल को हिसार से प्लेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी भी प्रधानमंत्री के साथ रहे थे।

इसके बाद हिसार से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट शुरू हुई थी। हिसार से अब अयोध्या, दिल्ली, चंडीगढ़ के बाद जयपुर की फ्लाइट शुरू होगी। इसके बाद अहमदाबाद और जम्मू के लिए भी इसी साल हवाई सेवा शुरू हो सकती है।

जम्मू और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान की मंजूरी के बाद हिसार एयरपोर्ट से यात्रियों के लिए नए हवाई विकल्प बढ़ेंगे। खास तौर पर जम्मू की सीधी कनेक्टिविटी से वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा का समय काफी कम होगा, जबकि अहमदाबाद की उड़ान कारोबारियों के लिए गुजरात के व्यापारिक केंद्रों तक सीधा हवाई संपर्क उपलब्ध कराएगी।