हिसार विवाद में नया CCTV वीडियो, JJP ने पुलिस पर लगाए आरोप- रात में पिस्टल लेकर घर में घुसा CIA इंचार्ज, नेता का दावा
हिसार GJU विवाद में JJP ने CCTV वीडियो जारी कर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। नेता बोले- पिस्टल लेकर घर में घुसी पुलिस, मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज।
➤ हिसार विवाद में नया CCTV VIDEO, JJP नेता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए
➤ रात 3:57 बजे पिस्टल लेकर घर में घुसा CIA इंचार्ज, एनकाउंटर का डर जताया
➤ मानवाधिकार और SC आयोग में शिकायत, कई नेताओं ने बताई दबिश की कहानी
हरियाणा के हिसार में गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) विवाद अब और गहराता जा रहा है। इस बीच जननायक जनता पार्टी (JJP) ने एक CCTV वीडियो जारी कर पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वीडियो में कथित तौर पर CIA इंचार्ज पवन कुमार रात के समय पिस्टल लेकर जजपा नेता रवि आहुजा के घर में दाखिल होते नजर आ रहे हैं।
जजपा के हिसार हलका प्रधान रवि आहुजा ने दावा किया कि यह घटना 17 अप्रैल की सुबह 3 बजकर 57 मिनट की है। उन्होंने कहा कि वह एक साधारण व्यापारी हैं और उनके खिलाफ न कोई केस, न FIR और न ही कोई शिकायत है। इसके बावजूद पुलिस पिस्टल में गोलियां भरकर उनके घर में घुसी, जिससे उन्हें लगा कि उनका एनकाउंटर किया जा सकता है।
रवि आहुजा ने आरोप लगाया कि उनके ऊपर बंदूक तानने वाला वही अधिकारी है, जिसने पहले फर्जी नंबर प्लेट वाली गाड़ी में दिनदहाड़े सड़क पर दबंगई दिखाई थी।
इस मामले में पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रवि आहुजा की पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि सुबह 4 बजे एक आम नागरिक को गन लोड करके पुलिस कस्टडी में लेने पहुंचना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब व्यक्ति पर कोई केस नहीं है, तो ऐसे में न्याय की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
विवाद के बीच जजपा नेताओं ने मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। गौरव सैनी, रविंद्र कुमार, तरुण गोयल, विजेंद्र धानक और जितेंद्र श्योराण की ओर से भेजी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 16 और 17 अप्रैल की रात पुलिस ने अलग-अलग टीमों के साथ घरों में डकैतों की तरह दबिश दी।
शिकायत में कहा गया है कि पुलिस बिना सर्च वारंट और बिना महिला पुलिसकर्मी के सादी वर्दी में हथियार लेकर घरों में घुसी। इस दौरान महिलाओं और बच्चों को डराया-धमकाया गया और CCTV के DVR जबरन निकाल लिए गए।
आरोपों के अनुसार, गौरव सैनी के घर रात करीब 4:30 बजे पुलिस पहुंची और उनके परिवार को हथियारों के बल पर डराया। वहीं रविंद्र कुमार उर्फ रवि के घर पुलिस ने उनके कैंसर पीड़ित पिता की मौजूदगी में उन्हें गन पॉइंट पर लिया।
तरुण गोयल के घर सुबह 5:30 बजे छापेमारी की गई और विरोध करने पर उनकी बेटी के साथ गाली-गलौज का आरोप लगाया गया। वहीं विजेंद्र धानक के घर पुलिस ने बच्चों के बिस्तर तक पहुंचकर बदसलूकी की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है।
इसके अलावा जितेंद्र श्योराण के घर की अलमारियों की तलाशी ली गई और उनकी पत्नी के साथ भी बदसलूकी के आरोप लगाए गए हैं।
जजपा नेताओं ने आयोग से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और DSP कंवलजीत, इंस्पेक्टर पवन कुमार, SI अमरजीत सहित संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि यह पूरा विवाद 16 अप्रैल को GJU में हुए प्रदर्शन और 17 अप्रैल को दुष्यंत चौटाला के काफिले को रोकने की घटना के बाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।
Akhil Mahajan