जेसीबी लेकर नगर निगम पहुंचा कॉकरोच जनता पार्टी कार्यकर्ता
हिसार में कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता संजीव भोजराज जेसीबी लेकर नगर निगम पहुंचे और प्रशासन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
- हिसार में कॉकरोच जनता पार्टी कार्यकर्ता जेसीबी लेकर नगर निगम पहुंचा
- निगम प्रशासन पर खुद अवैध कब्जा करने का लगाया आरोप
- चेतावनी- पहले सरकारी दफ्तरों से हटाओ अतिक्रमण, वरना खुद चलेगी जेसीबी
हरियाणा के हिसार शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच शुक्रवार को उस समय अनोखा विरोध देखने को मिला, जब खुद को कॉकरोच जनता पार्टी का कार्यकर्ता बताने वाले सामाजिक कार्यकर्ता संजीव भोजराज जेसीबी लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंच गए।
संजीव भोजराज ने नगर निगम प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निगम और हुडा विभाग शहरभर में हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देकर गरीब दुकानदारों, रेहड़ी चालकों और आम लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन सरकारी कार्यालयों के बाहर हुए कब्जों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
नगर निगम कार्यालय के बाहर माप-तोल करते हुए संजीव भोजराज ने दावा किया कि निगम कार्यालय के मुख्य गेट के दोनों ओर ग्रिल लगाकर करीब 150 गज जगह पर अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने अधिकारियों पर नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
इस दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अगर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाना है तो इसकी शुरुआत सबसे पहले सरकारी दफ्तरों और अधिकारियों के घरों से होनी चाहिए।
संजीव भोजराज ने कहा कि शुक्रवार को वह सिर्फ चेतावनी देने और प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी याद दिलाने के लिए जेसीबी लेकर पहुंचे थे। उन्होंने साफ कहा कि अगर आने वाले दिनों में नगर निगम प्रशासन ने अपने कब्जे नहीं हटाए तो अगली बार कार्रवाई खुद की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सोमवार को वह हाईकोर्ट के आदेशों की कॉपी लेकर दोबारा निगम कार्यालय पहुंचेंगे और उन अधिकारियों के नाम भी सार्वजनिक करेंगे जिन्होंने अपने घरों और सरकारी परिसरों के बाहर अवैध कब्जे कर रखे हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी के इस प्रदर्शन ने शहर में चर्चा का माहौल बना दिया। कई लोग इसे प्रशासन के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे सोशल मीडिया और राजनीतिक माहौल से जुड़ा नया प्रयोग बता रहे हैं।
Akhil Mahajan