किसानों के सुझाव बजट में होंगे शामिल, मुख्यमंत्री का भरोसा
हिसार में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्री-बजट बैठक में किसानों से संवाद किया। सुझावों को बजट में शामिल करने का भरोसा दिया और टाउन पार्क का उद्घाटन किया।
➤ हिसार में प्री-बजट बैठक में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
➤ किसानों और वैज्ञानिकों से सीधा संवाद, सुझाव बजट में शामिल करने का आश्वासन
➤ 14.5 करोड़ की लागत से बने टाउन पार्क का किया उद्घाटन
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को हिसार पहुंचे। यहां उन्होंने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में आयोजित प्री-बजट मीटिंग में हिस्सा लिया और किसानों व वैज्ञानिकों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बैठक उनके लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि उनका नाता स्वयं कृषि परिवार से जुड़ा रहा है और उन्होंने खेती से जुड़ी चुनौतियों को बेहद करीब से देखा और महसूस किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र प्रदेश की समृद्ध ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष हुई प्री-बजट बैठक में 161 महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए थे, जिनमें से 99 सुझावों को बजट में शामिल किया गया। इस बार भी किसानों और विशेषज्ञों से मिले सुझावों को गंभीरता से लेकर आगामी बजट में शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नकली बीजों की रोकथाम के लिए हरियाणा विधानसभा में बिल लाया गया। मोरनी क्षेत्र के लिए कृषि एवं बागवानी की विशेष कार्य योजना तैयार की गई। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए योजनाओं को और मजबूत किया गया है। मेरा पानी–मेरी विरासत योजना के तहत अनुदान राशि बढ़ाने का काम किया गया, ताकि जल संरक्षण को प्रोत्साहन मिल सके।
उन्होंने बताया कि पशुधन बीमा योजना के अंतर्गत अधिक पशुओं को बीमा सुरक्षा के दायरे में लाया गया है। किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से कई नई योजनाएं लागू की गई हैं। पिछले वर्ष कृषि एवं संबंधित विभागों के लिए 9,296 करोड़ 68 लाख रुपये का बजट आवंटन किया गया था। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कृषि क्षेत्र के विकास के लिए बजट में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
प्री-बजट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने हिसार के टाउन पार्क का उद्घाटन किया। करीब 14.5 करोड़ रुपये की लागत से इस पार्क का जीर्णोद्धार किया गया है। मुख्यमंत्री ने पार्क में घूमकर किए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया और इसे हिसारवासियों को समर्पित किया।
Akhil Mahajan