हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 की तारीखें जारी, जनवरी में होगा HTET

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 की तारीखें जारी हो गई हैं। HTET परीक्षा 17 और 18 जनवरी को होगी। आवेदन प्रक्रिया दिसंबर 2025 में शुरू होगी।

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 की तारीखें जारी, जनवरी में होगा HTET

HTET 2026 का एग्जाम 17 और 18 जनवरी को होगा
दिसंबर में शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
तीन लेवल पर होगी परीक्षा, उम्र की कोई सीमा नहीं



हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 की तारीखें जारी कर दी गई हैं। बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा की ओर से जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, HTET परीक्षा 17 और 18 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है।

टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड ने पुष्टि की है कि जनवरी 2026 में होने वाली HTET के लिए आवेदन दिसंबर 2025 में शुरू होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि जनवरी 2026 रखी जाएगी। जानकारी के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले राज्य अधिकारियों की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। मंजूरी मिलते ही इसी महीने आवेदन विंडो खोल दी जाएगी।

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा तीन लेवल में आयोजित की जाती है। लेवल-1 प्राइमरी टीचर के लिए होता है, जिसमें उम्मीदवार का 12वीं पास होना और डिप्लोमा इन एजुकेशन होना जरूरी है।

लेवल-2 ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर के लिए आयोजित किया जाता है। इसके लिए उम्मीदवार के पास स्नातक डिग्री के साथ बैचलर ऑफ एजुकेशन की डिग्री होना अनिवार्य है।

लेवल-3 पोस्ट ग्रेजुएट टीचर के लिए होता है। इसमें उम्मीदवार के पास पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री और बीएड होना जरूरी है।

HTET परीक्षा में बैठने के लिए किसी भी प्रकार की उम्र सीमा निर्धारित नहीं की गई है। बोर्ड को उम्मीद है कि इस बार करीब तीन लाख से अधिक उम्मीदवार परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन करेंगे।

पिछले साल HTET परीक्षा के लिए 3.31 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, लेकिन इनमें से केवल 47 हजार उम्मीदवार ही परीक्षा पास कर सके थे। पास प्रतिशत काफी कम रहने के कारण इस परीक्षा को चुनौतीपूर्ण माना जाता है।

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षक भर्ती के लिए अनिवार्य क्वालिफाइंग परीक्षा है। इस परीक्षा को पास करने के बाद उम्मीदवार राज्य सरकार की शिक्षक भर्तियों के लिए आवेदन कर सकते हैं।