खामेनेई की मौत के बाद भारत में असर: बारामूला से लाल चौक तक प्रदर्शन, कई शहरों में फ्लाइट्स बाधित
खामेनेई की मौत के बाद जम्मू-कश्मीर में विरोध प्रदर्शन, उमर अब्दुल्ला की शांति अपील। मुंबई, अमृतसर समेत कई एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट्स प्रभावित। भारत ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की।
■ जम्मू-कश्मीर के बारामूला में विरोध प्रदर्शन, लाल चौक पर भी हंगामा
■ उमर अब्दुल्ला की शांति की अपील, छात्रों की सुरक्षा पर MEA से संपर्क
■ देशभर के एयरपोर्ट प्रभावित, मुंबई में सैकड़ों यात्री फंसे
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत की खबर के बाद भारत के कुछ हिस्सों में भी असर दिख रहा है। बारामूला में शिया समुदाय के लोग खामेनेई की तस्वीरें लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। श्रीनगर के लाल चौक पर भी हंगामे की खबर है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें जिससे तनाव या अशांति बढ़े।
उन्होंने यह भी बताया कि जम्मू-कश्मीर सरकार Ministry of External Affairs (MEA) के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि ईरान में रह रहे जम्मू-कश्मीर के लोगों और विशेष रूप से वहां पढ़ रहे छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
एयरपोर्ट्स पर असर, यात्री परेशान
इजराइल-ईरान संघर्ष के कारण मिडिल ईस्ट एयरस्पेस बाधित है, जिसका असर भारत के कई एयरपोर्ट्स पर दिख रहा है।
-
मुंबई एयरपोर्ट पर सैकड़ों यात्री शनिवार दोपहर से फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं।
-
पुणे एयरपोर्ट पर यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
-
अमृतसर एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं।
-
जयपुर में भी उड़ानें कैंसिल होने की खबर है।
दिल्ली में सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने 24×7 पैसेंजर असिस्टेंस कंट्रोल रूम एक्टिव किया है, ताकि प्रभावित यात्रियों को तुरंत मदद मिल सके।
विदेश में भारतीयों के लिए एडवाइजरी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के खिलाफ बड़े कॉम्बैट ऑपरेशन के ऐलान के बाद भारत ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
ईरान में भारतीय दूतावास ने नागरिकों से गैर-जरूरी मूवमेंट से बचने और घर के अंदर रहने की अपील की है। जनवरी के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक:
-
ईरान में 10,000 से ज्यादा भारतीय (छात्र समेत)
-
इजराइल में 41,000 से ज्यादा भारतीय
एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय नागरिक अपने नजदीकी सुरक्षित शेल्टर की जानकारी रखें।
दुबई और अबू धाबी में गुरुवार तक स्कूलों में ऑनलाइन क्लास के आदेश दिए गए हैं।
Akhil Mahajan