टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद कप्तान सूर्या पहुंचे हनुमान मंदिर: देशभर में दिवाली जैसा जश्न, तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे फैंस

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीत लिया। जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे, जबकि देशभर में लोगों ने आतिशबाजी और तिरंगा लहराकर जश्न मनाया।

टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद कप्तान सूर्या पहुंचे हनुमान मंदिर: देशभर में दिवाली जैसा जश्न, तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे फैंस

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर जीता खिताब
कप्तान सूर्यकुमार यादव ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे
देशभर में आतिशबाजी, डांस और तिरंगा लहराकर जश्न


भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही देशभर में जश्न का माहौल बन गया।

वर्ल्ड कप जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ सेलिब्रेट करती टीम इंडिया।

रातभर लोग सड़कों पर उतर आए, आतिशबाजी की गई, ढोल-नगाड़ों पर डांस हुआ और तिरंगा लहराकर खुशी मनाई गई। कई शहरों में माहौल बिल्कुल दिवाली जैसा नजर आया।
कप्तान सूर्यकुमार यादव वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे।

टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव जीत के बाद देर रात वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान हनुमान के सामने पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ ICC चेयरमैन जय शाह और टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर भी मौजूद रहे। मंदिर के पुजारी ईश्वर दास ने बताया कि टीम ने मैच से पहले भी यहां आकर पूजा की थी और जीत के बाद फिर से भगवान का आशीर्वाद लेने पहुंचे।

राजस्थान के जयपुर में भारत की जीत के बाद कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत नाचने लगे।

देश के कई राज्यों में जीत का जश्न देखने को मिला। राजस्थान के जयपुर में भारत की जीत के बाद कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत भी खुशी में झूमते नजर आए। मध्यप्रदेश के भोपाल में लोग हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतर आए। वहीं छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जमकर आतिशबाजी की गई और हजारों लोग सड़कों पर जश्न मनाने पहुंचे।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लोगों ने जमकर आतिशबाजी की।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी लोगों ने तिरंगा फहराकर जीत का जश्न मनाया। बिहार के पटना में कहीं गुलाल उड़ाया गया तो कहीं पटाखों की गूंज सुनाई दी। जम्मू-कश्मीर के रामबन में तैनात सीआरपीएफ की 84वीं बटालियन के जवानों ने भी टीम इंडिया की जीत पर जश्न मनाया।

उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में लोगों ने तिरंगा फहराकर जश्न मनाया।

इस बीच कई प्रमुख हस्तियों ने भी टीम इंडिया को बधाई दी। पूर्व क्रिकेटर निरंजन शाह ने कहा कि लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतना भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है। बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि टीम के सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और देश का नाम रोशन किया।

वहीं बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि भारत क्रिकेट की दुनिया में नंबर-1 है।

देश के अलग-अलग हिस्सों में देर रात तक जश्न चलता रहा। कहीं डांस हुआ, कहीं आतिशबाजी और कहीं लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर निकल पड़े। टीम इंडिया की इस जीत ने पूरे देश को एक बार फिर एकजुट होकर जश्न मनाने का मौका दिया।