फायरमैन ₹20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
नारनौल में हरियाणा SV&ACB ने फायर स्टेशन के फायरमैन संदीप यादव को ₹20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर फायर NOC जारी करने के बदले ₹75-80 हजार मांगने का आरोप है।
➤ रेवाड़ी ACB टीम ने नारनौल फायर स्टेशन के फायरमैन को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया
➤ फायर NOC जारी करने के बदले ₹75-80 हजार रिश्वत मांगने का आरोप
➤ ₹20 हजार लेते हुए ट्रैप में रंगे हाथ पकड़ा गया, गुरुग्राम में FIR दर्ज
नारनौल। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नारनौल फायर स्टेशन में तैनात फायरमैन संदीप यादव को ₹20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई SV&ACB रेवाड़ी यूनिट द्वारा ट्रैप ऑपरेशन के तहत की गई।
ब्यूरो के अनुसार, शिकायतकर्ता साहिल मेडिकल स्टोर और एक अन्य अस्पताल संचालक ने अपने संस्थान के लिए फायर सेफ्टी उपकरण लगवाने और फायर NOC जारी कराने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस कार्य के बदले फायरमैन ने ₹75 हजार से ₹80 हजार तक की रिश्वत की मांग की।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उसकी सत्यता का सत्यापन किया गया। आरोप सही पाए जाने के बाद ACB टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।
ऑपरेशन के दौरान आरोपी संदीप यादव को शिकायतकर्ता से ₹20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
कानूनी प्रक्रिया का पालन
ब्यूरो के अनुसार पूरी ट्रैप कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई।
इस मामले में SV&ACB थाना गुरुग्राम में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
लोगों से रिश्वत न देने की अपील
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो रिश्वत न दें। इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Akhil Mahajan