साइबर ठगी के आरोपी हवालाती की मौ*त, सीने में दर्द के बाद तोड़ा दम

रेवाड़ी जिला जेल में साइबर ठगी के आरोपी हवालाती राहुल राजेंद्र कदम की सीने में दर्द के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

साइबर ठगी के आरोपी हवालाती की मौ*त, सीने में दर्द के बाद तोड़ा दम

रेवाड़ी जिला जेल में साइबर ठगी के आरोपी हवालाती की इलाज के दौरान मौत

सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस ने जांच शुरू की, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह होगी स्पष्ट


रेवाड़ी जिला जेल में सोमवार सुबह एक हवालाती की मौत से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के कोल्हापुर निवासी 40 वर्षीय राहुल राजेंद्र कदम के रूप में हुई है। वह साइबर ठगी के एक मामले में गिरफ्तार होकर न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था। अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार राहुल राजेंद्र कदम को 24 जुलाई को रेवाड़ी साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अगले दिन अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। सोमवार सुबह जेल में उसकी तबीयत बिगड़ी और उसने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। इसके बाद जेल प्रशासन ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल कथित तौर पर साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था। उसे इसी मामले में उसके साथी संतोष मधुसूदन नार्वेकर के साथ गिरफ्तार किया गया था।

यह पूरा मामला शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 14.45 लाख रुपये की ठगी से जुड़ा है। रेवाड़ी के सेक्टर-3 निवासी विनोद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक निवेश एप के जरिए उनसे और उनकी पत्नी से कुल 14.45 लाख रुपये अलग-अलग चरणों में ट्रांसफर कराए गए। बाद में खाते में बड़ी रकम दिखाने के बावजूद निकासी के लिए अतिरिक्त राशि जमा कराने की मांग की गई, जिससे उन्हें ठगी का पता चला।

इस मामले में पहले प्रद्युम्न मिश्रा और संदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के आधार पर पुलिस महाराष्ट्र पहुंची और राहुल राजेंद्र कदमसंतोष मधुसूदन नार्वेकर को गिरफ्तार किया। जांच में आरोप है कि राहुल ने साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराए थे।

सदर थाना एसएचओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों में रेवाड़ी जिला जेल कैदियों से जुड़े कई मामलों के कारण चर्चा में रही है। हालांकि, इस मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।