बाहरी युवाओं को नौकरी देने के विरोध में INLD का प्रदर्शन

हरियाणा में ग्रुप-बी सरकारी नौकरियों में बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों को अवसर दिए जाने के विरोध में INLD ने HPSC कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। अभय चौटाला ने सरकार पर युवाओं के साथ अन्याय का आरोप लगाया।

बाहरी युवाओं को नौकरी देने के विरोध में INLD का प्रदर्शन

हरियाणा में बाहरी राज्यों के युवाओं को नौकरी देने के विरोध में INLD का प्रदर्शन

अभय चौटाला बोले- प्रदेश के युवाओं के अधिकारों से समझौता बर्दाश्त नहीं

HPSC ऑफिस के बाहर धरना, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

हरियाणा में सरकारी नौकरियों के ग्रुप-बी पदों पर अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को अवसर दिए जाने के विरोध में सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) सड़कों पर उतर आई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंचकूला के परेड ग्राउंड में जोरदार प्रदर्शन किया और इसके बाद HPSC कार्यालय के बाहर धरना दिया।

पंचकूला में एचपीएससी ऑफिस के बाहर INLD के धरने को संबोधित करते MLA अर्जुन चौटाला। - Dainik Bhaskar

इस विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने किया। प्रदर्शन में पार्टी के हजारों कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हरियाणा के युवाओं को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता देने की मांग उठाई।

अभय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में हरियाणा के योग्य युवाओं का हक छीना जा रहा है और बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों को ज्यादा अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं के अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि सरकार ने स्थानीय युवाओं के हितों की अनदेखी जारी रखी तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।

धरने के दौरान विधायक अर्जुन चौटाला ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाहर के लोगों को प्राथमिकता देने से हरियाणा के युवा नौकरियों से वंचित हो रहे हैं। अगर यही स्थिति बनी रही तो सरकारी विभागों में सिर्फ बाहरी लोग दिखाई देंगे और प्रदेश का युवा बेरोजगार रह जाएगा।

प्रदर्शन में इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रोफेसर संपत सिंह, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, विधायक आदित्य देवी लाल, युवा राष्ट्रीय प्रभारी करन चौटाला, संगठन सचिव उम्मेद लोहान और प्रदेश प्रधान महासचिव गौरव सम्पत सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

धरने के बाद पार्टी संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी रणनीति तैयार करने के लिए चंडीगढ़ स्थित इनेलो मुख्यालय में दो अहम बैठकों का आयोजन किया गया। दोपहर 2 बजे महिला प्रकोष्ठ की बैठक हुई, जबकि 3 बजे युवा प्रकोष्ठ, आईएसओ और सोशल मीडिया सेल की बैठक बुलाई गई।