IPL 2026 का पहला शेड्यूल जारी: 28 मार्च को बेंगलुरु में RCB-SRH से शुरुआत, 16 दिन में 20 मुकाबले , जानें

IPL 2026 के पहले चरण के 20 मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच 28 मार्च को बेंगलुरु में RCB और SRH के बीच खेला जाएगा, जबकि पहले फेज में 16 दिन में कुल 20 मुकाबले होंगे।

IPL 2026 का पहला शेड्यूल जारी: 28 मार्च को बेंगलुरु में RCB-SRH से शुरुआत, 16 दिन में 20 मुकाबले , जानें

IPL 2026 के पहले 20 मैचों का शेड्यूल जारी, 28 मार्च को RCB-SRH से ओपनिंग मुकाबला
16 दिन में खेले जाएंगे 20 मैच, पहले फेज में 4 डबल हेडर शामिल
चुनाव के कारण दो दिन टली लीग की शुरुआत, दूसरा शेड्यूल बाद में जारी होगा


इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने लगा है। IPL 2026 के पहले चरण के 20 मैचों का शेड्यूल बुधवार को जारी कर दिया गया। टूर्नामेंट का ओपनिंग मुकाबला 28 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा। यह मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। यही वह मैदान है जहां पिछले साल आरसीबी के ऐतिहासिक खिताब जीतने के बाद आयोजित विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। ऐसे में इस बार यहां होने वाला पहला मैच भी विशेष रूप से चर्चा में है।

IPL प्रबंधन के अनुसार पहले फेज में कुल 16 दिनों के भीतर 20 मुकाबले खेले जाएंगे। इस दौरान दर्शकों को चार डबल हेडर भी देखने को मिलेंगे, यानी एक ही दिन में दो मैच होंगे। टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में कई बड़ी टीमों के मुकाबले तय किए गए हैं। मुंबई इंडियंस, जो आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शामिल है, वह 29 मार्च को अपना पहला मुकाबला खेलेगी। यह मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जो मुंबई का घरेलू मैदान है।

आईपीएल प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि टूर्नामेंट के दूसरे चरण का शेड्यूल फिलहाल जारी नहीं किया गया है। इसका कारण देश में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद ही लीग के अगले मैचों का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। इससे पहले भी जब देश में आम चुनाव या बड़े राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं, तब आईपीएल के कार्यक्रम को दो हिस्सों में जारी किया गया था। वर्ष 2009, 2014, 2019 और 2024 में भी इसी तरह टूर्नामेंट के शेड्यूल को चरणों में घोषित किया गया था।

दरअसल इस बार देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने के कारण लीग के ओपनिंग मैच की तारीख में भी बदलाव करना पड़ा है। पहले आईपीएल की शुरुआत 26 मार्च से प्रस्तावित थी, लेकिन चुनावी व्यवस्थाओं और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए इसे दो दिन आगे बढ़ाकर 28 मार्च कर दिया गया। चुनाव वाले राज्यों में ऐसे चार प्रमुख स्टेडियम हैं, जहां आईपीएल के मुकाबले होने हैं और जिनकी सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखकर शेड्यूल में बदलाव किया गया।

इनमें तमिलनाडु के चेन्नई स्थित एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) शामिल है, जो चेन्नई सुपर किंग्स का घरेलू मैदान है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल का ईडन गार्डन्स स्टेडियम, जो कोलकाता नाइट राइडर्स का होम ग्राउंड है, भी चुनावी राज्य में आता है। वहीं असम के गुवाहाटी स्थित बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम को राजस्थान रॉयल्स का सेकेंड होम वेन्यू माना जाता है।

पिछले सीजन की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इतिहास रचते हुए पहली बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर ट्रॉफी जीती थी। इसी वजह से परंपरा के अनुसार इस बार टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच, क्वालिफायर-2 और फाइनल भी बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित किए जाने की योजना बनाई गई है। क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह सीजन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में आरसीबी पहली बार अपने खिताब का बचाव करने मैदान में उतरेगी।