दिनदहाड़े फायरिंग:बाइक सवार युवकों ने फोटोग्राफर की दुकान पर चलाई गोली, एक व्यक्ति घायल
झज्जर के माछरौली गांव में बस स्टैंड के पास फोटोग्राफर की दुकान में फायरिंग। लव मैरिज विवाद में युवक घायल, रोहतक PGI रेफर, पुलिस जांच में जुटी।
- झज्जर के माछरौली बस स्टैंड पर दिनदहाड़े फायरिंग
- फोटोग्राफर की दुकान में चली गोली, युवक घायल
- लव मैरिज के विवाद में हमले का आरोप
झज्जर जिले के गांव माछरौली में मंगलवार शाम उस समय दहशत फैल गई, जब बस स्टैंड के पास फोटोग्राफर की दुकान में फायरिंग की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, अपाचे बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और अचानक गोली चलाकर फरार हो गए।
इस फायरिंग में माछरौली निवासी जगत घायल हो गया। गोली उसके होंठ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद घायल जगत को झज्जर नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
घायल जगत ने बताया कि उसने लव मैरिज की थी, जिसके बाद से लड़की के परिवार के लोग उससे रंजिश रख रहे हैं। जगत का आरोप है कि पहले भी अक्टूबर महीने में उसके साथ मारपीट की जा चुकी है और तभी से उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना आज करीब शाम 4 बजे की बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और फायरिंग करने वाले युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Akhil Mahajan