पुलिस वाले ने पहनी थी जूती, ADGP ने नाराजगी जताते जारी किए सस्पेंशन के आर्डर
पुलिस लाइन निरीक्षण के दौरान ADGP एच.एस. दून ने ड्रेसिंग में लापरवाही पर एक पुलिस कर्मचारी को सस्पेंड किया और ACP को कड़ी फटकार लगाई।
झज्जर पुलिस लाइन में जूती पहनने के तरीके पर ADGP दून नाराज
अनुशासनहीनता पर एक पुलिस कर्मचारी सस्पेंड
ड्रेसिंग को लेकर ACP को भी लगी कड़ी फटकार
झज्जर में हरियाणा पुलिस के ADGP एच.एस. दून के दौरे के दौरान अनुशासन और ड्रेसिंग को लेकर सख्त रुख देखने को मिला। पुलिस लाइन निरीक्षण के समय एक पुलिस कर्मचारी की जूती पहनने के तरीके पर ADGP ने गंभीर नाराजगी जताई और मौके पर ही उसे सस्पेंड करने के निर्देश दे दिए।
ADGP एच.एस. दून झज्जर पुलिस लाइन पहुंचे थे, जहां उन्होंने करीब 250 पुलिस कर्मचारियों को दंगा नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जवानों की ड्रेसिंग और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया गया।
इसी दौरान एक कर्मचारी की ड्रेसिंग में लापरवाही सामने आई। ADGP ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद ACP डॉ. प्रणव को भी तलब किया। ACP के जवाब से संतुष्ट न होने पर ADGP ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई।
ADGP ने ACP से कहा कि आप गजटेड अधिकारी हैं और इस तरह के जवाब स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि पुलिस सेवा में प्रोफेशनल व्यवहार और अनुशासन सर्वोपरि है।
ADGP एच.एस. दून ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि दंगा नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में ड्रेसिंग, अनुशासन और व्यवहार पूरी तरह प्रोफेशनल होना चाहिए। निरीक्षण के बाद ADGP ने पुलिस लाइन स्थित कमिश्नर कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
Akhil Mahajan