शराब के नशे में घर घुसा ASI, कमरे में खींचने की कोशिश
जींद में महिला ने टेंडरी मोड़ चौकी के ASI पर शराब के नशे में घर घुसकर अश्लील हरकत का आरोप लगाया। शिकायत के बाद SP ने ASI को लाइन हाजिर कर जांच शुरू कराई।
• जींद में महिला ने टेंडरी मोड़ चौकी के ASI पर घर में घुसकर अश्लील हरकत का आरोप
• सादी वर्दी में शराब के नशे में आने, हाथ पकड़कर कमरे में खींचने का दावा
• शिकायत के बाद SP ने ASI को लाइन हाजिर किया, महिला थाना जांच में जुटी
हरियाणा के जींद जिले में पुलिस की वर्दी पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। रामराय गांव की एक महिला ने टेंडरी मोड़ पुलिस चौकी में तैनात ASI पर घर में घुसकर अश्लील हरकत करने और जबरदस्ती करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी ASI सादी वर्दी में शराब के नशे में उसके घर पहुंचा था।
महिला ने बताया कि घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है। उस समय उसके बेटे का जन्मदिन था और उसकी बहन भी घर आई हुई थी। आरोप है कि ASI ने घर का दरवाजा लात मारकर खोला और अंदर घुस आया। इसके बाद उसने महिला का हाथ पकड़कर दूसरे कमरे में खींचने की कोशिश की।
महिला के अनुसार, जब उसने विरोध किया तो ASI ने धमकी दी, जिससे घर में मौजूद उसकी मां, बहन और बेटा डर गए। महिला की बहन ने भी जब विरोध किया तो आरोपी ASI ने गाली-गलौज की।
पीड़िता ने बताया कि उसने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया और तुरंत डायल 112 पर कॉल कर दी। इसके बाद ASI सरकारी गाड़ी में मौके से फरार हो गया। महिला का दावा है कि ASI घर में अकेला आया था, जबकि उसके तीन अन्य साथी बाहर गाड़ी में बैठे थे।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अगले दिन सुबह 8 बजकर 12 मिनट पर ASI ने उसे फोन कर शिकायत न करने की धमकी दी। इसके बाद शनिवार को पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत SP कुलदीप सिंह को सौंपी और कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए SP ने आरोपी ASI को लाइन हाजिर कर दिया है। महिला थाना पुलिस को जांच सौंपी गई है। SP कुलदीप सिंह ने कहा कि जांच में आरोप सही पाए गए तो FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
Akhil Mahajan