हरियाणा में ACB का बड़ा ट्रैप: पब्लिक हेल्थ विभाग के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट समेत 3 कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
कैथल में ACB ने पब्लिक हेल्थ विभाग के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट समेत तीन कर्मचारियों को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। मामला पेंडिंग बिल पास कराने से जुड़ा है।
■ 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए
■ पेंडिंग बिल पास कराने के बदले मांगी जा रही थी रकम
■ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज
हरियाणा के कैथल में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पब्लिक हेल्थ विभाग के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट समेत तीन कर्मचारियों को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
शिकायत के अनुसार, एक ठेकेदार से उसके लंबित बिल पास करने के बदले रिश्वत मांगी जा रही थी। ठेकेदार ने इसकी सूचना ACB को दी, जिसके बाद टीम ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई की।
25–30 लाख रुपए के बिल थे लंबित
कैथल निवासी ठेकेदार विशाल ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2016 से 2025 के दौरान उन्होंने पब्लिक हेल्थ विभाग के तहत कई विकास कार्य किए थे। इन कार्यों के करीब 25 से 30 लाख रुपए के बिल विभाग में लंबित थे।
आरोप है कि डिप्टी सुपरिंटेंडेंट कमल कांत और HKRN कर्मचारी बलजीत व अशोक बिल पास करने के बदले 30 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि रिश्वत की रकम में से 20 हजार रुपए डिप्टी सुपरिंटेंडेंट को और 5-5 हजार रुपए दोनों कर्मचारियों को मिलने थे।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई
शुक्रवार को ACB टीम ने योजना के तहत ठेकेदार को 30 हजार रुपए देकर आरोपियों के पास भेजा। जैसे ही कर्मचारियों ने रकम ली, पहले से मौजूद अधिकारियों ने तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में DRDO चंद्रमोहन उपस्थित रहे।
आगे की जांच जारी
ACB इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में अन्य कोई कर्मचारी या अधिकारी शामिल तो नहीं है।
Akhil Mahajan