तीन फीट का दूल्‍हा तीन फीट की ही दुल्‍‍हन, वाह भई - “रब ने बना दी जोड़ी”

कैथल के गांव चंदाना में तीन फीट लंबे विक्रम की बराबर हाइट की प्रियंका से शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हैं।

तीन फीट का दूल्‍हा तीन फीट की ही दुल्‍‍हन, वाह भई - “रब ने बना दी जोड़ी”

➤ तीन फीट के दूल्हे की शादी बनी पूरे कैथल की चर्चा

➤ बराबर हाइट की दुल्हन को देखकर खुशियों से झूम उठा गांव

➤ सोशल मीडिया पर वायरल हुई विक्रम और प्रियंका की जोड़ी


कहते हैं जोड़ियां ऊपर वाला बनाता है। कुछ ऐसा ही नजारा हरियाणा के कैथल जिले के गांव चंदाना में देखने को मिला, जहां एक अनोखी शादी ने हर किसी का दिल जीत लिया। गांव का रहने वाला करीब तीन फीट लंबा युवक विक्रम जब अपनी ही हाइट की दुल्हन प्रियंका को लेकर घर पहुंचा, तो पूरा गांव खुशियों से झूम उठा।

पत्नी के गले में वरमाला डालते हुए विक्रम

यह शादी अब सिर्फ गांव तक सीमित नहीं रही, बल्कि सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है। शादी के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग इस जोड़ी को “रब ने बना दी जोड़ी” कहकर शुभकामनाएं दे रहे हैं।

दरअसल, 26 वर्षीय विक्रम की छोटी हाइट के कारण लंबे समय तक रिश्ता तय नहीं हो पा रहा था। परिवार को कई रिश्ते आए, लेकिन कभी परिस्थितियां आड़े आईं तो कभी बात आगे नहीं बढ़ सकी। परिवार के लोगों को चिंता थी कि आखिर उनके बेटे का घर कब बसेगा।

थिरकते हुए दुल्हन लेने पहुंचा विक्रम

फिर किस्मत ने करवट ली और रिश्तेदारों की मदद से जींद जिले के गांव हाट में प्रियंका का रिश्ता सामने आया। खास बात यह रही कि प्रियंका की हाइट भी विक्रम के बराबर थी। दोनों परिवारों ने मुलाकात की और रिश्ता तुरंत तय हो गया।

रविवार देर रात जब दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर गांव पहुंचा, तो माहौल किसी उत्सव से कम नहीं था। कोई नवविवाहित जोड़े के साथ सेल्फी ले रहा था तो कोई उन्हें आशीर्वाद दे रहा था। गांव की महिलाएं और बच्चे भी इस खास जोड़ी को देखने के लिए उत्साहित नजर आए।

शादी में विक्रम का उत्साह भी देखने लायक था। बारात में वे जमकर थिरकते दिखाई दिए। विक्रम ने मुस्कुराते हुए कहा कि उनकी और प्रियंका की जोड़ी भगवान ने बनाई है। उन्होंने बताया कि वे जागरण मंडली में काम करते हैं और अब पत्नी के साथ खुशहाल जीवन बिताना चाहते हैं।

वहीं विक्रम के पिता दर्शन लाल की खुशी भी चेहरे पर साफ नजर आई। उन्होंने कहा कि बेटे का घर बसने से पूरा परिवार बेहद खुश है। नई बहू के आने से घर में खुशियां दोगुनी हो गई हैं।