डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर अमेरिका गए मनीष की दर्दनाक मौत, जानें

Kaithal News, America Death, Heart Attack, Haryana Youth, Donkey Route, Indian In America, Manish Kumar, CityTehlka, Latest News

डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर अमेरिका गए मनीष की दर्दनाक मौत, जानें

➤कैथल के युवक की अमेरिका में हार्ट अटैक से मौत

➤डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर डंकी रूट से गया था विदेश

➤परिवार ने सरकार से शव भारत लाने की लगाई गुहार


हरियाणा के कैथल जिले के गांव पबनावा के रहने वाले 37 वर्षीय युवक मनीष कुमार की अमेरिका में हृदय गति रुकने से मौत हो गई। युवक करीब चार साल पहले बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के सपने के साथ डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। उसकी अचानक मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव और परिवार में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार मनीष अमेरिका में किराये की गाड़ी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। बताया गया है कि देर रात अचानक उसे हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके साथ रहने वाले लोगों ने जब उसे देखा तो तुरंत इसकी सूचना परिवार को दी।

मृतक की मां केलो देवी ने बताया कि परिवार ने बड़ी उम्मीदों के साथ करीब डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर मनीष को विदेश भेजा था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा विदेश में कमाकर घर की आर्थिक स्थिति मजबूत करेगा, लेकिन अब उनकी सारी उम्मीदें टूट गई हैं।

मनीष चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसका एक 13 वर्षीय बेटा भी है। पिता सुरजन सिंह बुजुर्ग हैं। परिवार में कमाने वाला मनीष ही अकेला सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मां केलो देवी ने बताया कि मौत से पहले भी उनकी बेटे से बातचीत हुई थी। उस दौरान मनीष ने कहा था कि वह अभी गाड़ी चला रहा है और बाद में बात करेगा। परिवार को क्या पता था कि यह उनकी आखिरी बातचीत साबित होगी।

अब परिवार ने सरकार से अपील की है कि मनीष के शव को भारत लाने में सहायता की जाए, ताकि परिवार अंतिम दर्शन कर सके और गांव में उसका अंतिम संस्कार किया जा सके।