करनाल में बड़ा हादसा: बारातियों की 7 गाड़ियों को ट्रक ने मारी टक्कर, 20 से ज्‍यादा घायल

करनाल NH-44 पर बारातियों की सात गाड़ियों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 20 से ज्यादा घायल हुए और 8 की हालत गंभीर बनी हुई है। हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

करनाल में बड़ा हादसा: बारातियों की 7 गाड़ियों को ट्रक ने मारी टक्कर, 20 से ज्‍यादा घायल


• करनाल NH-44 पर बारातियों की 7 गाड़ियों को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
• हादसे में 20 से ज्यादा घायल, 8 की हालत गंभीर
• जीटी रोड पर लंबा जाम, पुलिस ने क्रेन से वाहनों को हटवाया



हरियाणा के करनाल में नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। बारात के साथ जा रही सात गाड़ियां दूल्हे की गाड़ी का इंतजार करते हुए हाईवे पर खड़ी थीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बजरी से भरे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी, गाड़ियां क्षतिग्रस्त।

हादसे में दो दर्जन से ज्यादा बाराती घायल हुए हैं, जिनमें आठ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पहले घरौंडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें करनाल के अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया।

हाईवे से जाम खुलवाती पुलिस।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दृश्य बिल्कुल फिल्मी था। ट्रक तेजी से आया और खड़ी गाड़ियों पर चढ़ गया। लोग इधर-उधर भागते रहे, लेकिन टक्कर की तीव्रता से कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों में रसीन गांव के मेहंदी, जहांगीर, सलिंद्र, इरफान, संदीप, मुस्तकिन और पंजाब के राजपुरा निवासी दो नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं।

हादसे के बाद ट्रक को घेरे स्थानीय लोग।

गांव रसीन के रियासत के बेटे आमिर खान की बारात पल्हेड़ी (पानीपत) जा रही थी। दूल्हे की सफेद कार पीछे रह गई थी, जिसके चलते बारातियों की स्कॉर्पियो और दूसरी गाड़ियां घरौंडा रेस्ट हाउस के पास हाईवे पर रुकी थीं। इसी दौरान हादसा हो गया।

हादसे के बाद जीटी रोड पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर ट्रैफिक सुचारू करवाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।