करनाल में कैफे पर फायरिंग, शटर पर बरसी गोलियां देर रात 5-6 राउंड फायर

करनाल के असंध में कैफे पर देर रात फायरिंग से दहशत फैल गई। शटर पर 5-6 गोलियां दागी गईं, मालिक ने 3 लोगों पर शक जताया।

करनाल में कैफे पर फायरिंग, शटर पर बरसी गोलियां देर रात 5-6 राउंड फायर

करनाल में कैफे पर देर रात फायरिंग, इलाके में दहशत
शटर पर 5-6 गोलियां दागी गईं, मालिक ने 3 लोगों पर जताया शक
कैफे मालिक ने मांगी सुरक्षा, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की


हरियाणा के Karnal जिले के Assandh इलाके में देर रात एक कैफे पर फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने कैथल रोड स्थित KNEAD BAKE CAFE के शटर पर 5-6 गोलियां दाग दीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

शटर पर लगी गोलियों के निशान को देखती पुलिस।

जानकारी के अनुसार, कैफे मालिक कुलदीप सिंह रोजाना की तरह रात करीब 11 बजे कैफे बंद कर घर चला गया था, जबकि उसके पिता गुरमेज सिंह आमतौर पर रात में वहीं रुकते थे। लेकिन 7 अप्रैल की रात तबीयत खराब होने के कारण वे भी घर चले गए थे। इसी दौरान रात करीब 2:10 बजे अज्ञात हमलावरों ने कैफे को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी।

अगली सुबह करीब साढ़े 8 बजे जब कुलदीप सिंह कैफे पहुंचा तो शटर पर गोलियों के निशान देखकर वह सन्न रह गया। उसने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मौके से बरामद गोली का खोल।

मामले में कुलदीप सिंह ने तीन लोगों पर शक जताया है। सूत्रों के अनुसार, उसने हिसार के मलकीत, सचिन और समनजीत पर आरोप लगाया है कि उन्होंने ही कैफे पर फायरिंग करवाई है। उसने यह भी कहा कि इन लोगों से उसे, उसके पिता और कैफे में काम करने वाले करीब 15 कर्मचारियों को जान का खतरा है।

घटना के बाद कैफे मालिक ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। उसने कहा कि इस तरह की घटना से पूरे स्टाफ में डर का माहौल है और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।

सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करती एफएसएल टीम।

मौके से पुलिस को गोली के खोल भी बरामद हुए हैं। साथ ही Forensic Science Laboratory की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

थाना असंध प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।