बाप-बेटी की जोड़ी ने ज्वेलर्स को बेचा नकली सोना:मॉडर्न लुक में एंट्री
करनाल में पिता-बेटी की जोड़ी ने नकली सोना बेचकर करीब 10 लाख रुपए की ठगी की। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
■ बाप-बेटी की जोड़ी ने ज्वेलर्स को लगाया लाखों का चूना
■ मॉडर्न लुक में एंट्री कर कई शोरूम पर बेचा नकली सोना
■ CCTV और वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार
करनाल में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पिता-बेटी की जोड़ी ने मिलकर शहर के नामी ज्वेलरी शोरूम को लाखों रुपए का चूना लगा दिया। आरोपी युवती अपने पिता के साथ मिलकर नकली सोने की ज्वेलरी असली बताकर बेचती थी और इस तरह कई दुकानों को निशाना बनाया गया।इस पूरे मामले की पोल तब खुली, जब कुछ दिन बाद ज्वेलर्स ने खरीदे गए सोने की जांच करवाई और वह नकली निकला। इसके बाद शोरूम मालिकों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक युवती और उसके साथी अलग-अलग दिन दुकानों पर आकर सोना बेचते नजर आए। इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने करीब 15 दिन पहले करनाल के कई हाई-प्रोफाइल ज्वेलरी शोरूम, जिनमें ओपीएस ज्वेलर्स भी शामिल है, को निशाना बनाया। शुरुआती जांच के अनुसार, इस गिरोह ने करीब 10 लाख रुपए का नकली सोना बेचा है। आरोपी युवती की पहचान दिल्ली निवासी खुशी के रूप में हुई है, जो अपने पिता के साथ मिलकर इस ठगी के नेटवर्क को चला रही थी।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से ठगी करता था। आरोपी कभी खुद को भाई-बहन तो कभी पति-पत्नी बताकर शोरूम में एंट्री करते थे, जिससे किसी को शक नहीं होता था। युवती का मॉडर्न लुक और आत्मविश्वास से भरा व्यवहार ज्वेलर्स को भ्रमित कर देता था और वे आसानी से उनके जाल में फंस जाते थे।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि 28 मार्च, 30 मार्च और 1 अप्रैल को अलग-अलग दिन अलग-अलग सदस्य शोरूम में पहुंचे और ज्वेलरी का लेन-देन किया। हर बार वे नया तरीका अपनाते थे, जिससे शक की गुंजाइश कम हो जाती थी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू की। आखिरकार शनिवार को पुलिस ने युवती और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी युवती की कुछ ही दिनों में शादी होने वाली थी।
फिलहाल पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है और इस गिरोह के अन्य सदस्यों तथा नकली सोना कहां से लाया गया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस शहर के अन्य ज्वेलर्स से भी पूछताछ कर रही है, ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
shubham