करनाल में तेज रफ्तार डंपर ने मारी बाइक को टक्कर, दादी-पोती की मौत

करनाल के सेक्टर-9 में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से दादी-पोती की मौत, बाइक चालक घायल। 10वीं की छात्रा दीपिका बोर्ड परीक्षा दे रही थी। आरोपी चालक फरार।

करनाल में  तेज रफ्तार डंपर ने मारी बाइक को टक्कर, दादी-पोती की मौत

■ 10वीं की छात्रा थी दीपिका, बोर्ड परीक्षा दे रही थी

■ स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने मौके पर पहुंचकर दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश


हरियाणा के करनाल में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय महिला और उनकी 15 वर्षीय पोती की जान चली गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सेक्टर-9 में अशोका नर्सरी के पास हुआ।

पुलिस के मुताबिक, बड़ा गांव निवासी फूलवती उर्फ फूलो देवी, उनकी पोती दीपिका और बेटा राजबीर बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में शोक व्यक्त करने जा रहे थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक असंतुलित होकर गिर गई।

दादी और पोती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजबीर घायल हो गया। आरोपी डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दीपिका 10वीं कक्षा की छात्रा थी और इन दिनों बोर्ड की परीक्षाएं दे रही थी। परिवार के अनुसार, वह पढ़ाई में अच्छी थी और आगे पढ़ने का सपना देखती थी। घटना के समय हरविंद्र कल्याण का काफिला उसी मार्ग से गुजर रहा था। उन्होंने भीड़ और हादसे की स्थिति देखकर गाड़ी रुकवाई और मौके का जायजा लिया।

उन्होंने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए Haryana Police को आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साथ ही ओवरस्पीडिंग पर चिंता जताई और सख्त कार्रवाई की बात कही।

दोनों शवों को Kalpana Chawla Government Medical College के मोर्चरी हाउस में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।