नशे में बस चला रहा था ड्राइवर, अभिभावक ने बचाई बच्चों की जान स्कूल बस में बड़ी लापरवाही

करनाल में नशे में स्कूल बस चला रहे ड्राइवर को अभिभावक ने रोका और बच्चों को सुरक्षित उतारकर खुद स्कूल पहुंचाया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की मांग उठी है।

नशे में बस चला रहा था ड्राइवर, अभिभावक ने बचाई बच्चों की जान स्कूल बस में बड़ी लापरवाही

नशे में स्कूल बस चला रहा था ड्राइवर, बड़ा हादसा टला
अभिभावक ने बस रुकवाकर बच्चों को सुरक्षित उतारा
वीडियो वायरल, कार्रवाई की उठी मांग


हरियाणा के करनाल से बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बेहद गंभीर लापरवाही सामने आई है। गांव बजीदा से स्कूल जा रही एक बस का ड्राइवर नशे की हालत में बच्चों को लेकर सड़क पर दौड़ रहा था। समय रहते एक जागरूक अभिभावक की नजर इस पर पड़ी और उसने तुरंत बस रुकवाकर बच्चों को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

यह बस श्री राम ग्लोबल स्कूल की बताई जा रही है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब डेढ़ मिनट के इस वीडियो में अभिभावक ड्राइवर से सवाल करता नजर आ रहा है कि उसने शराब क्यों पी रखी है और कहां से पीकर आया है। इस पर ड्राइवर खुद स्वीकार करता है कि वह चंडीगढ़ से शराब पीकर आया है।

चौंकाने वाली बात यह रही कि वीडियो बनाए जाने के बाद भी ड्राइवर ने बस को फिर से चलाना शुरू कर दिया। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा और बढ़ गया। स्थिति को गंभीर देखते हुए अभिभावक ने तुरंत फैसला लिया और सभी बच्चों को बस से उतारकर अपनी गाड़ी में बैठाया।बच्चो को अपने साथ गाड़ी में स्कूल लेकर जाते हुए।

अभिभावक ने जिम्मेदारी दिखाते हुए बच्चों को अपनी गाड़ी से सुरक्षित स्कूल पहुंचाया। इस पूरे घटनाक्रम ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है। अगर समय रहते बस नहीं रोकी जाती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।घटना के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है। उन्होंने स्कूल प्रशासन और संबंधित ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।