बच्चों के लिए जामुन तोड़ने गए CRPF जवान की पेड़ से गिरकर मौ*त

कुरुक्षेत्र के बीड़ अमीन गांव में बच्चों के लिए जामुन तोड़ते समय पेड़ से गिरकर CRPF सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र चौहान की मौत हो गई। ड्यूटी पर लौटने से पहले हुए हादसे से गांव में शोक है।

बच्चों के लिए जामुन तोड़ने गए CRPF जवान की पेड़ से गिरकर मौ*त

कुरुक्षेत्र में जामुन तोड़ते समय पेड़ से गिरकर CRPF सब-इंस्पेक्टर की मौत

ड्यूटी पर लौटने से पहले बच्चों की जिद पूरी करने गए थे सुरेंद्र चौहान

पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए, सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार


कुरुक्षेत्र जिले के बीड़ अमीन गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सीआरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र चौहान की मौत हो गई। वह छुट्टी पूरी कर अपनी ड्यूटी पर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बच्चों की जिद पर जामुन तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े, लेकिन अचानक पैर फिसलने से गहरे नाले में गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 38 वर्षीय सुरेंद्र चौहान के रूप में हुई है। वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। उनकी पोस्टिंग मध्य प्रदेश के शिवपुरी में थी। करीब 10 दिन पहले वह छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए थे और सोमवार को पंचकूला के रास्ते ड्यूटी जॉइन करने वाले थे।

परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह घर से निकलने से पहले बच्चों ने उनसे जामुन खाने की जिद की। बच्चों की इच्छा पूरी करने और अपने साथियों के लिए भी जामुन ले जाने की सोचकर वह पास के पेड़ पर चढ़ गए। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गहरे नाले में जा गिरे।

हादसे में सुरेंद्र चौहान को गंभीर चोटें आईं। परिवार और आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी।

परिजनों ने बताया कि पूरा परिवार उन्हें ड्यूटी के लिए विदा करने की तैयारी कर रहा था। किसी ने भी नहीं सोचा था कि रवाना होने से कुछ ही मिनट पहले ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा। देखते ही देखते घर का खुशियों भरा माहौल मातम में बदल गया।

सुरेंद्र चौहान अपने पीछे पत्नी मनु, 8 वर्षीय बेटी निष्ठा और 5 वर्षीय बेटे वरदान को छोड़ गए हैं। वह दो बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी पत्नी एक बैंक में कार्यरत हैं। जवान की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण लगातार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे की सूचना सीआरपीएफ यूनिट को भी दे दी गई है। यूनिट के अधिकारी और जवान गांव पहुंचने के बाद सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार करेंगे।