कुरुक्षेत्र में दो युवक हैंड ग्रेनेड सहित गिरफ्तार, पंजाब से आ रहे थे बाइक पर

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में पुलिस ने दो युवकों को बाइक पर हैंड ग्रेनेड सहित गिरफ्तार किया। आरोपी पंजाब से हरियाणा आ रहे थे। ATS और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर जांच की।

कुरुक्षेत्र में दो युवक हैंड ग्रेनेड सहित गिरफ्तार, पंजाब से आ रहे थे बाइक पर

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में दो युवक हैंड ग्रेनेड सहित गिरफ्तार
NH-152D पर बाइक सवारों को पुलिस ने दबोचा
एक आरोपी हरियाणा का, दूसरा पंजाब का निवासी


कुरुक्षेत्र (हरियाणा): हरियाणा पुलिस ने मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल की जब पिहोवा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 152D पर चेकिंग के दौरान दो युवकों को हैंड ग्रेनेड सहित गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर पंजाब से कुरुक्षेत्र की ओर जा रहे थे।

आरोपियों की पहचान गुरविंदर (18) निवासी शशा, जिला कुरुक्षेत्र और संदीप सिंह, निवासी अद्दू माजरा, जिला पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया और उनके पास से एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक अवैध हथियारों के साथ कुरुक्षेत्र की ओर आ रहे हैं। इसके बाद पिहोवा पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी की और चेकिंग के दौरान इन दोनों को रोक लिया। तलाशी में उनके बैग से हैंड ग्रेनेड मिला।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी, एटीएस टीम और बम डिफ्यूजल स्क्वाड मौके पर पहुंच गए। टीम ने ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी हैंड ग्रेनेड कहां से लाए और इसका इस्तेमाल कहां करना चाहते थे।

पंजाब नंबर की इस बाइक पर आए थे दोनों युवक।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों युवक पंजाब के कुछ संदिग्ध तत्वों से संपर्क में थे। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त कर लिया है और एटीएस के सहयोग से पूछताछ की जा रही है।

इस मामले को आतंकी गतिविधियों से जुड़ा हुआ मानते हुए जांच एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।