गुंडागर्दी: शराब उधार नहीं दी तो जला डाला ठेका

महेंद्रगढ़ के गाहड़ा गांव में दो युवकों ने ठेके पर मारपीट कर बाइक में आग लगा दी। उधार में शराब न मिलने पर हुई वारदात में पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया।

गुंडागर्दी: शराब उधार नहीं दी तो जला डाला ठेका
  • महेंद्रगढ़ के गाहड़ा गांव में ठेके पर मारपीट और आगजनी, बाइक पूरी तरह जली

  • उधार में शराब न देने पर दो युवकों ने ठेका संचालक व सेल्समैन पर हमला, गोली मारने की धमकी

  • पुलिस ने आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की



महेंद्रगढ़ जिले के गांव गाहड़ा में शराब के ठेके पर मारपीट और आगजनी का गंभीर मामला सामने आया है। देर रात कुछ युवकों ने न सिर्फ ठेका कर्मियों पर हमला किया, बल्कि ठेके के पीछे खड़ी मोटरसाइकिल में आग लगा दी। सूचना पर दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया, लेकिन बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।

घटना आकोदा जोन की सब ब्रांच गाहड़ा स्थित गणपति वाइंस की है। ठेका संचालक पारस ने थाना सदर कनीना में शिकायत दर्ज करवाई है। पारस के अनुसार वह ठेका लाइसेंसी सुनील कुमार की ओर से संचालित करता है और उसके साथ दीपक उर्फ रामफल बतौर सेल्समैन कार्यरत है।

शिकायत के अनुसार रात करीब 8:30 बजे गांव के प्रदीप और मनोज उधार में शराब लेने आए। पारस और सेल्समैन द्वारा मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पारस के चाचा, जो शराब कारोबारी हैं, को गोली मारने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपी वहां से चले गए।

रात लगभग 10:30 बजे आरोपी दोबारा बाइक और ट्रैक्टर लेकर ठेके पर लौटे और पारस व दीपक के साथ मारपीट की। उन्होंने ठेका जलाने और दोनों को जान से मारने की धमकी दी। सूचना के बाद 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया।

लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। जब पारस रात करीब 12:45 बजे सेल्समैन के लिए खाना लेकर लौटा और अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक बाहर खड़ी की, तभी प्रदीप और मनोज फिर पहुंचे। दोनों युवकों ने बाइक को ठेके के पीछे खेतों में ले जाकर आग लगा दी। आग की लपटें देखकर पारस और दीपक बाहर आए, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना की सूचना पर SI सुखबीर सिंह और सिपाही हितेश मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने आरोपियों पर धारा 115(2), 326(F), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत गंभीर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।