कैश जमा करवाने आए कंपनी कर्मचारी की आंखों में मिर्ची डालकर चार लाख लूटे , शातिर वारदात के बाद फरार
मोहाली के फेज-7 स्थित एक्सिस बैंक एटीएम में कैश जमा कराने आए कंपनी कर्मचारी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर चार लाख रुपये लूट लिए गए। आरोपी सीसीटीवी में कैद हुए हैं और पुलिस जांच में जुटी है।
➤ फेज-7 के एक्सिस बैंक एटीएम में वारदात
➤ कर्मचारी की आंखों में मिर्च पाउडर डाल लूटे 4 लाख
➤ सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी, पुलिस जांच में जुटी
मोहाली के फेज-7 स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में शनिवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। एक टेलीकॉम कंपनी का कर्मचारी एटीएम मशीन के जरिए कैश जमा कराने पहुंचा था, तभी दो अज्ञात आरोपी उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर करीब चार लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पूरी वारदात एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है और पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना शहर के सबसे व्यस्त और प्राइम इलाके में हुई, जहां हर समय लोगों की आवाजाही रहती है। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल से महज सौ मीटर की दूरी पर पुलिस के एनआरआई और साइबर सेल कार्यालय भी मौजूद हैं, बावजूद इसके आरोपी आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
शिकायतकर्ता गुरजोत सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी ‘टेली लिंक’ नाम की कंपनी है, जिसमें करीब दस कर्मचारी काम करते हैं। ये कर्मचारी एयरटेल प्रीपेड और एयरटेल पेमेंट बैंक से कलेक्शन इकट्ठा कर अलग-अलग बैंकों में जमा करवाते हैं। शनिवार को बैंक बंद होने के कारण उनका कर्मचारी विक्कू कुमार, निवासी हिमाचल प्रदेश, एक्सिस बैंक के एटीएम के माध्यम से नकदी जमा करवा रहा था।
गुरजोत के मुताबिक जैसे ही विक्कू कैश जमा करने लगा, दो युवक अचानक अंदर आए। उन्होंने बिना किसी बहस के सीधे उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। कर्मचारी कुछ समझ पाता उससे पहले ही आरोपी उसके हाथ से कैश से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुए हमले से कर्मचारी बुरी तरह घबरा गया और उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
मोहाली में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। करीब 11 साल पहले 9 मार्च 2015 को सेक्टर 85 के पास हथियारबंद लुटेरों ने एक्सिस बैंक की कैश वैन से 1.34 करोड़ रुपये लूट लिए थे। उस समय भी बदमाशों ने ड्राइवर और गार्ड की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर वारदात को अंजाम दिया था।
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि पुलिस आरोपियों तक कितनी जल्दी पहुंच पाती है।
Akhil Mahajan