Video :कामेश्वर धाम में मुख्यमंत्री नायब सैनी पर हुई नोटों की बारिश, श्रद्धांजलि कार्यक्रम में फूलों के बाद उड़े नोट
हिसार के कामेश्वर धाम में मुख्यमंत्री नायब सैनी पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान नोटों की बारिश हुई। फूलों के बाद नोट उड़ाने का दृश्य चर्चा और बहस का विषय बना।
- कामेश्वर धाम में मुख्यमंत्री नायब सैनी पर हुई नोटों की बारिश
- श्रद्धांजलि कार्यक्रम में फूलों के बाद उड़े नोट, वीडियो चर्चा में
- 11 लाख अनुदान के ऐलान के साथ सियासी और सामाजिक बहस तेज
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी गुरुवार देर रात हिसार के गांव किरमारा स्थित श्री कामेश्वर धाम पहुंचे। यहां उन्होंने ब्रह्मलीन 1008 मुनि गिरी जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गद्दीनशीन संत युगल गिरी जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान उस समय सभी की नजरें टिक गईं, जब संत युगल गिरी जी महाराज ने पहले मुख्यमंत्री पर फूल बरसाए और इसके बाद नोटों की बारिश की गई। मुख्यमंत्री को नोटों की माला भी पहनाई गई। यह दृश्य वहां मौजूद श्रद्धालुओं और नेताओं के बीच चर्चा का विषय बन गया।
मुख्यमंत्री ने धुनी के पास बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंत्री रणबीर गंगवा, नलवा विधायक रणधीर पनिहार और जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ मौजूद रहीं। नोटों की बारिश और माला पहनाए जाने के दृश्य सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा में हैं।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंच से कामेश्वर धाम के लिए 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुनि गिरी जी महाराज उच्च कोटि के संत थे, जिनके मार्गदर्शन से समाज को आध्यात्मिक दिशा मिली। कामेश्वर धाम के प्रति क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था है।
बता दें कि गद्दीनशीन रहे प्रहलाद गिरी उर्फ मुनि गिरी जी महाराज का 84 वर्ष की आयु में निधन हुआ था। उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री रात में ही शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। मान्यता है कि इस धाम का संबंध महाभारत काल से है और पांडवों ने यहां भगवान शिव की पूजा की थी।
इससे पहले मुख्यमंत्री का काफिला गांव कुलेरी से गुजर रहा था, जहां सर्दी से बचाव के लिए अलाव तापते ग्रामीण दिखे। मुख्यमंत्री ने काफिला रुकवाकर ग्रामीणों से मुलाकात की। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री की सादगी की सराहना करते हुए उनकी तुलना चौधरी देवीलाल से की।
Akhil Mahajan