हरियाणा AAP पूर्व अध्यक्ष बोले-पुलिस मेरा एनकाउंटर करा सकती
नवीन जयहिंद ने हरियाणा पुलिस पर एनकाउंटर का डर जताया है। साथ ही बिहार के सीएम के खिलाफ विवादित बयान देते हुए 5 लाख रुपये इनाम की घोषणा की है। पूरी खबर पढ़ें।
नवीन जयहिंद ने हरियाणा पुलिस द्वारा एनकाउंटर की जताई आशंका
बिहार के भरत तिवारी की मौत को बताया सरकारी हत्या
बिहार के सीएम का मुंह काला करने वाले को 5 लाख रुपये देने का किया ऐलान
रोहतक में भगवान परशुराम जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने विवादित बयान देकर प्रदेश में हलचल मचा दी है। जयहिंद ने आरोप लगाया कि उन्हें हरियाणा सरकार की तानाशाही का सामना करना पड़ रहा है और पुलिस उनका एनकाउंटर करा सकती है। उन्होंने बिहार के भरत तिवारी की मौत का जिक्र करते हुए उसे क्रांतिकारी बताया और इसे सरकारी हत्या करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने ही भरत तिवारी की हत्या करवाई है।
जयहिंद ने मंच से घोषणा की कि जो भी बिहार के सीएम को एक जूता मारेगा, उसे एक लाख रुपये, थप्पड़ मारने वाले को दो लाख, मुंह काला करने वाले को 5 लाख और जूतों की माला पहनाने वाले को 11 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्हें अपनी किडनी भी बेचनी पड़े, तो वे पीछे नहीं हटेंगे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भरत तिवारी को श्रद्धांजलि दी और सामूहिक मुंडन भी करवाया।
नवीन जयहिंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा कि उन्होंने भरत तिवारी की मौत पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से सीबीआई जांच की मांग की है। आपको बता दें कि नवीन जयहिंद 2011 के अन्ना आंदोलन से जुड़े थे और बाद में 'जयहिंद सेना' नामक संगठन बनाकर सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि वे भ्रष्ट सिस्टम और सरकार से अपने सवाल पूछना जारी रखेंगे।
pooja