हरियाणा स्टेट चैंपियनशिप में कॉमनवेल्थ रजत पदक विजेता महिला पहलवान निर्मला बूरा को खेलने से रोका, जानें पूरा मामला
कॉमनवेल्थ रजत पदक विजेता पहलवान निर्मला बूरा को हरियाणा स्टेट चैंपियनशिप में खेलने से रोक दिया गया। दस्तावेज पूरे होने के बावजूद एंट्री नहीं मिली, जांच की मांग तेज।
- कॉमनवेल्थ रजत विजेता निर्मला बूरा को स्टेट चैंपियनशिप में एंट्री से रोका
- 2003 से हरियाणा पुलिस टीम से खेल रही थीं, इस बार बिना कारण रोक दिया
- मामले पर खेल जगत में नाराजगी, उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज
हरियाणा स्टेट सीनियर फ्रीस्टाइल कुश्ती चैंपियनशिप में बड़ा विवाद सामने आया है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 की रजत पदक विजेता और हरियाणा पुलिस इंस्पेक्टर निर्मला बूरा को हिसार के उमरा गांव में 4-5 दिसंबर को आयोजित चैंपियनशिप में भाग लेने से रोक दिया गया। आयोजन स्थल पर पहुंचने पर आयोजक मंडल ने उनका एंट्री कार्ड देने से स्पष्ट मना कर दिया।
निर्मला बूरा ने बताया कि वे 2003 से लगातार हरियाणा पुलिस की टीम से स्टेट चैंपियनशिप खेल रही हैं और विभाग की तरफ से सभी दस्तावेज व नामांकन पत्र समय पर भेज दिए गए थे। ई-मेल से भी पुष्टि की गई थी। बावजूद इसके उन्हें बिना किसी कारण बताए रोक दिया गया।
निर्मला ने कहा कि यह उनके साथ बड़ा अन्याय और अपमान है। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ में देश के लिए पदक जीतने के बाद भी हरियाणा में सम्मान की जगह बाधाएं मिल रही हैं, जो बेहद दुखद है।
उन्होंने रेसलिंग हरियाणा एसोसिएशन के पदाधिकारियों से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और जल्द फैसला लेने की अपील की है।
फिलहाल, आयोजकों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इस घटना ने खेल जगत में गहरी नाराजगी पैदा कर दी है और पूरा खेल समुदाय सवाल उठा रहा है कि एक इंटरनेशनल एथलीट को आखिर क्यों रोका गया।
Author1