हरियाणा में नशे में धुत पुलिसकर्मी ने स्‍कूल से लौट रहे तीन बच्‍चों को कार से कुचला, दो की मौत, एक गंभीर

हरियाणा के पलवल जिले के उटावड़ गांव में नशे में धुत पुलिसकर्मी की कार ने तीन बच्चों को कुचल दिया। दो की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात।

हरियाणा में नशे में धुत पुलिसकर्मी ने स्‍कूल से लौट रहे तीन बच्‍चों को कार से कुचला, दो की मौत, एक गंभीर

➤ नशे में धुत पुलिसकर्मी की कार ने 3 बच्चों को कुचला
दो बच्चों की मौके पर मौत, एक की हालत गंभीर
गांव में तनाव, आरोपी पुलिसकर्मी को लोगों ने पकड़ा



हरियाणा के पलवल जिले में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जिले के हथीन खंड के गांव उटावड़ में नशे में धुत एक पुलिस कर्मचारी ने तेज रफ्तार कार से सड़क किनारे खड़े तीन मासूम बच्चों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद आरोपी पुलिस कर्मचारी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस दौरान गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया।

इसी गाड़ी से बच्चों को टक्कर मारी गई।

मृतक बच्चों के शवों को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्चे को रोहतक PGI रेफर किया गया है।

पीड़ित परिवार के पिता शाहबुद्दीन ने बताया कि उनके तीनों बच्चे गांव के निजी गरीबा पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे। छुट्टी के बाद जब वे घर जाने के लिए सड़क के किनारे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार कार आकर उन्हें रौंद गई। मृतकों की पहचान आयान (5 वर्ष) और अहसान (7 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि उनका बड़ा भाई अरशान (9 वर्ष) जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोपी पुलिस कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने कार को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।