सब इंस्पेक्टर ने फ्रॉड केस को कमजोर करने के लिए 7 लाख रुपए की रिश्वत लेने भेजा था एजेंट, एसीबी ने धरा
पंचकूला में इकॉनॉमिक्स विंग के सब इंस्पेक्टर पर 7 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप। एसीबी ने 75 हजार लेते प्राइवेट व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ा। पुलिस अब भूमिका की जांच कर रही है।
पंचकूला में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला उजागर
7 लाख की रिश्वत मांगने पर एसीबी ने 75 हजार लेते प्राइवेट व्यक्ति को पकड़ा
इकॉनॉमिक्स विंग के सब इंस्पेक्टर जोरा सिंह की भूमिका जांच में
पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला जिले में पुलिस की इकॉनॉमिक्स विंग से जुड़ा रिश्वतखोरी का गंभीर मामला सामने आया है। फ्रॉड केस को कमजोर करने के नाम पर 7 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप एक सब इंस्पेक्टर जोरा सिंह पर लगा है। उसके कहने पर रिश्वत लेने पहुंचे एक प्राइवेट व्यक्ति पारस कुमार को एसीबी ने 75 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
शिकायत रोहतक के आसन गांव निवासी नितिन हुड्डा ने दर्ज करवाई। नितिन ने बताया कि इकॉनॉमिक्स विंग ने लोन फ्रॉड केस में उसके दोस्त राहुल को उठाया था। इसी दौरान उसके पास पारस नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने बताया कि केस का जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जोरा सिंह है और यदि 7 लाख रुपए दे दिए जाएं तो केस को ढीला कर दिया जाएगा।
नितिन इकॉनॉमिक्स विंग पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात राहुल से करवाई गई। राहुल ने भी 7 लाख की व्यवस्था करने की बात कही। शिकायत के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और तय योजना के अनुसार पारस कुमार को 75 हजार रुपए की किस्त लेते ही गिरफ्तार कर लिया।
पहले 50 हजार रुपए की डील
नितिन ने बताया कि पारस ने पहले भी 50 हजार रुपए इकॉनॉमिक्स विंग ऑफिस के बाहर लेकर अंदर नरेन्द्र सिंह नामक कर्मचारी को दिए थे। इसके बाद पारस ने दावा किया कि वह पहले 3 लाख में सेटिंग करा रहा था, लेकिन अब 7 लाख रुपए देने पड़ेंगे जिनमें राहुल पर रिकवरी भी लगेगी और बाकी पुलिस की रिश्वत होगी।
नितिन के विरोध करने पर पारस ने रकम किस्तों में देने का प्रस्ताव दिया और पहले 75 हजार रुपए तुरंत लाने को कहा।
सिग्नल मिलते ही दबोचा
एसीबी की टीम ने 500-500 रुपए के 150 नोटों पर पाउडर लगाया। नितिन जैसे ही पारस को 75 हजार रुपए देकर बाहर आया और छाया गवाह ने सिर पर हाथ घुमाया, टीम ने तुरंत दबिश देकर पारस कुमार को पकड़ लिया। उससे पूरी रकम बरामद कर ली गई।
अब पुलिस सब इंस्पेक्टर जोरा सिंह और एक अन्य पुलिसकर्मी की भूमिका को लेकर जांच कर रही है।
Author1