पंचकूला में कांग्रेस को झटका, पूर्व मेयर BJP में शामिल ,CM सैनी खुद पहुंचे, बढ़ाई सियासी हलचल

पंचकूला में कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए पूर्व मेयर उपिंद्र कौर आहलूवालिया BJP में शामिल हुईं। CM सैनी खुद उनके घर पहुंचे, चंद्रमोहन से नाराजगी बताई वजह।

पंचकूला में कांग्रेस को झटका, पूर्व मेयर BJP में शामिल ,CM सैनी खुद पहुंचे, बढ़ाई सियासी हलचल

पंचकूला में कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व मेयर ने BJP जॉइन की
CM सैनी खुद पहुंचे घर, टिकट कटने से नाराजगी बनी वजह
MLA चंद्रमोहन पर साजिश और विरोध के गंभीर आरोप


हरियाणा के पंचकूला में नगर निगम चुनाव के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस की पूर्व मेयर उपिंद्र कौर आहलूवालिया ने भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली है। उन्हें पार्टी में शामिल कराने के लिए खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उनके आवास पर पहुंचे।

मेयर चुनाव के नामांकन के बाद ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। कांग्रेस से टिकट कटने के बाद उपिंद्र कौर आहलूवालिया नाराज चल रही थीं। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। गौरतलब है कि वे पहले कांग्रेस के टिकट पर पंचकूला की मेयर रह चुकी हैं और पिछले चुनाव में करीब 2 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।

सूत्रों के अनुसार, उनका कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन के साथ विवाद काफी समय से चल रहा था। चंद्रमोहन ने उनके खिलाफ पार्टी की अनुशासन समिति में शिकायत भी दर्ज करवाई थी, जिसके बाद उन्हें नोटिस जारी किया गया। हालांकि उपिंद्र कौर ने इसका जवाब दे दिया था, लेकिन पार्टी के भीतर की खींचतान खुलकर सामने आ गई।

भाजपा में शामिल होने के दौरान मोहनलाल बड़ौली समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इस मौके पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ली, जिससे स्थानीय राजनीति में भाजपा की स्थिति मजबूत होती दिख रही है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “मोदी का परिवार” लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में यह और विस्तार करेगा। उन्होंने विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने की बात दोहराई।

भाजपा में शामिल होने के बाद उपिंद्र कौर आहलूवालिया ने कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चंद्रमोहन ने कई बार उनके खिलाफ साजिश रची और चुनावों में उनका विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत समिति से लेकर जिला परिषद तक, कई मौकों पर चंद्रमोहन ने विपक्षी उम्मीदवारों का समर्थन किया।

पूर्व मेयर ने यह भी कहा कि बिना किसी जांच के उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया, जिससे वे आहत हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी अपने वफादार कार्यकर्ताओं की कद्र नहीं कर रही है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस घटनाक्रम से पंचकूला की सियासत में बड़ा बदलाव आ सकता है और आने वाले चुनावों पर इसका असर देखने को मिलेगा।