पानीपत में ऑटो मोबाइल दुकान में आग, लाखों का नुकसान

पानीपत के असंध रोड पर ऑटो मोबाइल दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिसमें तीन बाइक और लाखों का सामान जल गया। दमकल ने समय रहते आग पर काबू पाया।

पानीपत में ऑटो मोबाइल दुकान में आग, लाखों का नुकसान

पानीपत में ऑटो मोबाइल दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान
शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा, स्पेयर पार्ट और बाइक जलीं
दमकल की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टला, आग पर पाया काबू


पानीपत शहर के असंध रोड पर मंगलवार रात एक ऑटो मोबाइल दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। प्रभाकर अस्पताल के नजदीक स्थित इस दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे दुकानदार का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, कच्चा कैंप निवासी आफताब पिछले करीब ढाई साल से असंध रोड पर “आफताब ऑटो मोबाइल” के नाम से दुकान चला रहे हैं। मंगलवार रात करीब नौ बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर पहुंचे ही थे कि करीब 20 मिनट बाद पड़ोसियों का फोन आया कि दुकान से धुआं और आग की लपटें उठ रही हैं।

आगजनि में ग्राहकों की तीन बाइक जल गई।

सूचना मिलते ही आफताब तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि आसपास खड़े लोगों को भी तेज गर्मी महसूस हो रही थी। स्थिति बिगड़ती देख पड़ोसी दुकानदारों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।

दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दुकान के बिजली के मुख्य बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी उठी, जिसने वहां रखे ज्वलनशील स्पेयर पार्ट्स और तेल को पकड़ लिया। इसी कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

इस आगजनी में दुकान के अंदर रखा करीब ढाई लाख रुपये का स्पेयर पार्ट और अन्य सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा मरम्मत के लिए आई ग्राहकों की तीन मोटरसाइकिलें भी पूरी तरह जल गईं, जिनका नुकसान अलग से है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।