पानीपत ब्लॉक समिति चेयरमैन चुनाव आज, दीपक राणा के भाई कुलदीप मैदान में
पानीपत ब्लॉक समिति चेयरमैन पद के लिए आज चुनाव होगा। दिवंगत अध्यक्ष दीपक राणा के भाई कुलदीप सिंह प्रमुख दावेदार हैं। दोपहर तक परिणाम आने की संभावना है।
पानीपत ब्लॉक समिति चेयरमैन पद के लिए आज होगा चुनाव
दिवंगत चेयरमैन दीपक राणा के भाई कुलदीप सिंह ने ठोकी दावेदारी
राजनीतिक सरगर्मियों के बीच बहुमत जुटाने की होड़ तेज
पानीपत ब्लॉक समिति के नए चेयरमैन (अध्यक्ष) के चुनाव के लिए आज मतदान कराया जाएगा। करीब चार महीने पहले तत्कालीन चेयरमैन दीपक राणा का हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से यह महत्वपूर्ण पद खाली पड़ा हुआ था। अब नए अध्यक्ष के चयन को लेकर समिति के भीतर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
इस चुनाव में सबसे चर्चित दावेदार कुलदीप सिंह हैं, जो दिवंगत चेयरमैन दीपक राणा के भाई हैं। हाल ही में हुए उपचुनाव में कुलदीप सिंह को सर्वसम्मति से ब्लॉक समिति सदस्य चुना गया था। इसके बाद उन्होंने चेयरमैन पद पर अपनी दावेदारी पेश कर दी।
गौरतलब है कि पानीपत ग्रामीण विधानसभा के गांव ददलाना से ब्लॉक समिति सदस्य चुने गए दीपक राणा को उनकी सादगी और कार्यशैली के कारण ब्लॉक समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। उनके निधन के बाद समिति के भीतर राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल गए थे।
चेयरमैन की कुर्सी खाली होने के बाद कार्यवाहक नेतृत्व को लेकर भी विवाद सामने आया। वर्तमान वाइस चेयरमैन अमिता के खिलाफ कई सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया था। मामला इतना बढ़ गया कि जिला उपायुक्त (डीसी) तक अविश्वास प्रस्ताव पहुंच गया था।
आज होने वाले चुनाव को लेकर विभिन्न गुटों ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। बहुमत का आंकड़ा जुटाने के लिए पिछले कई दिनों से बैठकों और राजनीतिक संपर्कों का दौर जारी था। चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने भी शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की है।
दोपहर तक मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। इसके बाद यह साफ हो जाएगा कि दीपक राणा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए पानीपत ब्लॉक समिति की कमान किसके हाथों में जाएगी।
pooja