तालाब में नहाने गए तीन दोस्त, दो की डूबने से मौत, डूबते दाेस्‍त को बचाने में गई जान

पानीपत के सिवाह गांव में तालाब में नहाने गए तीन दोस्तों में से दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। डूब रहे दोस्त को बचाने के प्रयास में दोनों हादसे का शिकार हो गए।

तालाब में नहाने गए तीन दोस्त, दो की डूबने से मौत, डूबते दाेस्‍त को बचाने में गई जान

तालाब में नहाने गए तीन दोस्तों में दो किशोरों की डूबने से मौत

डूब रहे दोस्त को बचाने के प्रयास में हुआ दर्दनाक हादसा

गांव सिवाह में मातम, अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों ने तोड़ा दम


हरियाणा के पानीपत जिले के सिवाह गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गांव के तालाब (जोहड़) में नहाने गए तीन दोस्तों में से दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक दोस्त को डूबता देख बाकी दोनों उसे बचाने के लिए पानी में उतरे, लेकिन गहराई और दलदल के कारण वे खुद भी पानी में समा गए।

जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए तीन दोस्त गांव के तालाब पर नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान एक किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दोनों दोस्तों ने तुरंत मदद का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तालाब में अधिक गहराई और नीचे दलदल होने के कारण दोनों किशोर अपना संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में डूब गए। इस बीच, जो किशोर पहले डूब रहा था, वह किसी तरह संघर्ष करते हुए सुरक्षित बाहर निकल आया।

बाहर निकलते ही उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर दोनों किशोरों की तलाश शुरू की।

काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों किशोरों को तालाब से बाहर निकाला और तुरंत पानीपत के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 16 वर्षीय मुकेश, निवासी सिवाह गांव, और करीब 15 वर्षीय अनीस के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अनीस अपने मामा के घर सिवाह में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

दोनों किशोरों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।