पानीपत में पत्नी की ह*त्या, पति पर कपड़े से गला घोंटने का आरोप
पानीपत के भारत नगर में 35 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पति पर कपड़े से गला घोंटने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
पानीपत में पति पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप
घरेलू विवाद के बाद कपड़े से गला दबाकर हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
हरियाणा के पानीपत में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी का कपड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले में एक अन्य युवक की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही ओल्ड इंडस्ट्रियल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
किराए के मकान में मिला महिला का शव
मृतका की पहचान शिल्पी (35) के रूप में हुई है, जो काबड़ी रोड स्थित भारत नगर में किराए के मकान में रहती थी। बताया गया है कि पारिवारिक विवाद के चलते उसका पति विपिन उससे अलग रह रहा था।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो महिला का शव कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर निशान मिले हैं, जिससे गला घोंटने की आशंका जताई जा रही है।
जांच अधिकारी ने क्या बताया
जांच अधिकारी विनोद कुमार के अनुसार परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है। शुक्रवार को भारत नगर में महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि मृतका के साथ मौजूद 10 वर्षीय भाई ने पुलिस को बताया कि रात के समय उसका जीजा घर आया था। आरोप है कि उसने अपने मौसेरे भाई करिंद्र को भी बुलाया और दोनों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
नोट: हत्या और अन्य आरोप पुलिस की प्रारंभिक जांच तथा शिकायत के आधार पर हैं। मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
pooja