पानीपत में कनाडा भेजने के नाम पर 60 लाख की ठगी
पानीपत में कनाडा भेजने और पीआर दिलाने के नाम पर एक परिवार से 60 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी कनाडा में बैठकर ठगी का नेटवर्क चला रहा था, जबकि उसका परिवार भारत में पैसे इकट्ठा कर रहा था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ कनाडा भेजने और PR दिलाने के नाम पर पानीपत परिवार से 60 लाख की ठगी
■ मुख्य आरोपी कनाडा में बैठकर चला रहा रैकेट, भारत में परिवार संभाल रहा नेटवर्क
■ पति को कनाडा भेजकर छोड़ा अधर में, 57 लाख रुपए अब भी हड़पे
हरियाणा के पानीपत में कनाडा भेजने और पीआर दिलाने के नाम पर 60 लाख रुपए की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला से न केवल लाखों रुपए ऐंठ लिए, बल्कि उसके पति को कनाडा भेजने के बाद वहां न नौकरी दिलवाई और न ही पीआर करवाई। अब पीड़ित परिवार पिछले दो साल से आर्थिक और मानसिक परेशानी झेल रहा है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, भगत नगर निवासी प्रमिला देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जोगिन्द्र सिंह, जो पहले पानीपत की एक इंश्योरेंस कंपनी में मैनेजर था, उसकी जान-पहचान प्रमिला से वहीं हुई थी। बाद में जोगिन्द्र कनाडा चला गया और वहां से उसने प्रमिला, उसके पति कुलदीप और बेटे आर्यन को कनाडा बुलाकर पीआर दिलवाने का झांसा दिया।
आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में करीब 60 लाख रुपए वसूल लिए। पैसे सुखदेव राठी, सागर राणा और कमलेश के बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए गए। इसके अलावा जेडी मैन पावर कंपनी के खाते में भी 7,01,604 रुपए डलवाए गए। प्रमिला ने 13 लाख रुपए टोकन के तौर पर और 5 लाख रुपए आरोपी के घर जाकर उसकी मां और भाई को नकद दिए। पुलिस को व्हाट्सएप चैट भी सौंपी गई है, जिसमें आरोपी ने मार्च 2024 में 20 लाख रुपए की अतिरिक्त मांग की थी।
पीड़िता ने बताया कि पैसे लेने के बाद आरोपी ने उसके पति कुलदीप का वीजा लगवा दिया, लेकिन कनाडा पहुंचने के बाद उसे न नौकरी दिलवाई और न पीआर करवाई। जब परिवार ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालता रहा। दबाव बनाने पर सिर्फ 3 लाख रुपए वापस किए, जबकि 57 लाख रुपए अभी भी आरोपी ने हड़प रखे हैं।एसपी के आदेश पर स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) ने जांच की, जिसमें सामने आया कि मुख्य आरोपी कनाडा में बैठकर ठगी का नेटवर्क चला रहा है, जबकि उसका भाई नरेन्द्र और मां रारबती भारत में नेटवर्क संभाल रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और कबूतरबाजी की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
shubham