पानीपत में भैंस से टकराई बाइक, 26 वर्षीय युवक की मौ*त, छह महीने पहले हुई थी शादी
पानीपत के उग्राखेड़ी के पास सड़क पर अचानक आई भैंस से बाइक टकराने पर 26 वर्षीय युवक सुमित की मौत हो गई। उसकी शादी छह महीने पहले हुई थी। स्थानीय लोगों ने बेसहारा गोवंश पर कार्रवाई की मांग की।
- पानीपत में सड़क पर अचानक आई भैंस से टकराई बाइक, 26 वर्षीय युवक की मौत
- मृतक सुमित की 6 महीने पहले हुई थी शादी, ग्राहक को माल देकर लौट रहा था
- स्थानीय लोगों ने बेसहारा गोवंश को हादसों की वजह बताते हुए कार्रवाई की मांग उठाई
पानीपत के उग्राखेड़ी गांव के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी सड़क पर अचानक आई एक भैंस से उसकी बाइक टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान निंबरी स्थित दत्ता कॉलोनी निवासी सुमित के रूप में हुई है।
इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सबसे दुखद बात यह है कि सुमित की शादी महज छह महीने पहले ही हुई थी। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सुमित रेलवे रोड स्थित एक बिजली की दुकान पर काम करता था। मंगलवार शाम वह दुकान से बिजली का सामान लेकर उग्राखेड़ी गांव में एक ग्राहक को देने गया था। सामान देने के बाद वह रात करीब 8:30 बजे बाइक से अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान रास्ते में अचानक एक भैंस सड़क पर आ गई। अंधेरा होने के कारण सुमित समय रहते उसे देख नहीं सका और उसकी बाइक सीधे भैंस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल, पानीपत के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। अस्पताल में मृतक की पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बेसहारा गोवंश को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि रात के समय सड़क पर घूमने वाली गाय और भैंसें लगातार सड़क हादसों का कारण बन रही हैं। कई बार प्रशासन को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को तत्काल हटाने और उनके लिए स्थायी व्यवस्था करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
pooja