पानीपत में यौन उत्पीड़न की पीड़िता की इलाज के दौरान मौत, PGI में चल रहा था उपचार; पुलिस दर्ज नहीं कर पाई बयान
पानीपत सिविल अस्पताल में CT स्कैन के दौरान यौन उत्पीड़न की शिकायत करने वाली 57 वर्षीय महिला की PGI रोहतक में इलाज के दौरान मौत हो गई।
➤ CT स्कैन के दौरान गार्ड पर महिला से यौन उत्पीड़न करने का आरोप, आरोपी पहले ही टर्मिनेट
➤ गंभीर हालत में पानीपत से रोहतक PGI रेफर हुई थी 57 वर्षीय महिला, मंगलवार सुबह 6 बजे दम तोड़ा
➤ पुलिस ने हालत गंभीर होने के कारण अब तक बयान नहीं किए थे दर्ज, मेडिकल परीक्षण भी नहीं हो पाया था
पानीपत के सिविल अस्पताल में यौन उत्पीड़न का शिकार हुई 57 वर्षीय महिला की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की हालत गंभीर होने के बाद उसे रोहतक PGI रेफर किया गया था, जहां उसका इलाज चल रहा था। घटना के बाद महिला की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। पुलिस भी उसकी गंभीर हालत के चलते अब तक बयान दर्ज नहीं कर पाई थी और उसका मेडिकल परीक्षण भी नहीं हुआ था। महिला के पति का कहना है कि घटना के बाद उसकी पत्नी को गहरा सदमा लगा था और मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उसने दम तोड़ दिया।
महिला को रविवार रात तेज दर्द होने के बाद पानीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए एक्स-रे और CT स्कैन कराने की सलाह दी थी। आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल में तैनात सिक्योरिटी गार्ड राकेश ने महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया। महिला के अनुसार, आरोपी ने उसके कपड़े उतारकर उसके प्राइवेट पार्ट्स को नोचा और उसके होंठों को दांतों से तीन-चार बार काटा।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने सोमवार को आरोपी गार्ड को टर्मिनेट कर दिया। इसके बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक PGI रेफर कर दिया गया था। अब मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पहले जानिए, कैसे सामने आया पूरा मामला
पानीपत की एक कॉलोनी की रहने वाली 57 वर्षीय महिला को रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे शरीर में तेज दर्द शुरू हुआ था। इसके बाद परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने महिला की स्थिति देखते हुए X-Ray और CT Scan कराने की सलाह दी।
परिजन CT स्कैन रूम तक लेकर गए
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया था कि परिजन उसे CT स्कैन कराने के लिए रूम में लेकर गए थे। वहां गार्ड राकेश मौजूद था। आरोप है कि उसने परिजनों को बाहर रोक लिया और महिला को अकेले CT स्कैन रूम में ले गया। महिला के मुताबिक, उस समय कमरे के अंदर कोई अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
महिला की शिकायत के अनुसार, कमरे में अकेले पाकर राकेश ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। आरोप है कि उसने जबरन कपड़े उतार दिए और उसके प्राइवेट पार्ट्स को नोचने लगा। इससे महिला को काफी दर्द हुआ। इसके बाद आरोपी ने अपने दांतों से उसके होंठ तीन-चार बार काटे।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। सोमवार को अस्पताल प्रशासन ने राकेश को टर्मिनेट कर दिया। वहीं, महिला की हालत गंभीर होने पर उसे रोहतक PGI रेफर कर दिया गया।
पति ने कहा- घटना के बाद गहरा सदमा लगा था
महिला के पति का कहना है कि घटना के बाद उसकी पत्नी को गहरा सदमा लगा था। उसका इलाज रोहतक PGI में चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के मुताबिक, महिला पहले से हार्ट पेशेंट थी। उसे शुगर और टीबी की भी परेशानी रहती थी। महिला की गंभीर हालत के चलते पुलिस अभी तक उसका बयान दर्ज नहीं कर पाई थी। उसका मेडिकल परीक्षण भी नहीं हुआ था।
लैब इंचार्ज ने बताया- मदद के लिए गार्ड को अंदर बुलाते थे
मामले में लैब इंचार्ज सचिन ने बताया कि राकेश अस्पताल में गार्ड था। उसे टेस्ट के दौरान मदद के लिए लैब के अंदर बुला लिया जाता था। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने उसे टर्मिनेट कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था और उसे पकड़कर ले जाती हुई पुलिस की तस्वीर भी सामने आई थी।
पीड़िता का वीडियो भी सामने आया
घटना के बाद पीड़िता का एक वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में महिला ने CT Scan रूम के अंदर हुई घटना के बारे में बताया था। महिला के अनुसार, जब वह CT Scan के लिए अंदर गई तो वहां केवल एक लड़का था।
महिला ने बताया कि उसे मशीन पर लेटाने के बाद आरोपी ने अपने दांतों से उसके होंठ काट दिए। उसने रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि आवाज बाहर नहीं जानी चाहिए।
महिला ने वीडियो में आगे बताया कि इसके बाद आरोपी ने उसके प्राइवेट पार्ट्स दबाए, जिससे उसे दर्द होने लगा। इसके बाद उसने चेस्ट दबाते हुए कहा कि उसका हार्ट का इलाज हो गया है। महिला के अनुसार, आरोपी ने उसे धमकी भी दी कि बाहर जाकर किसी को कुछ बताया तो जान से मार देगा।
अब महिला की मौत के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि, महिला पहले से हार्ट पेशेंट थी और उसे शुगर व टीबी की भी परेशानी थी। पुलिस उसकी गंभीर हालत के कारण घटना के बाद उसका बयान दर्ज नहीं कर पाई थी और मेडिकल परीक्षण भी नहीं हुआ था। महिला की मौत के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
Akhil Mahajan