Video..साहिल, तुम्हारी बहुत याद आती है..." अंतिम नोट में छलका पिता का दर्द और नहर में लगा दी छलांग
पानीपत में बेटे की मौत के गम में डूबे 48 वर्षीय पिता बलराज संदिग्ध हालात में लापता हो गए। नहर किनारे उनका सामान और नोट मिलने के बाद आत्महत्या की आशंका, गोताखोरों से तलाश जारी।
➤ बेटे की हादसे में मौत के बाद गहरे सदमे में थे बलराज
➤ नहर किनारे बाइक, कपड़े, मोबाइल और सुसाइड नोट बरामद
➤ गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश जारी
हरियाणा के पानीपत जिले के एक गांव से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां करीब 48 वर्षीय बलराज अपने बेटे की मौत के गम से उबर नहीं पाए और अब संदिग्ध हालात में लापता हो गए हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले उनके बेटे की हरिद्वार के पास कांवड़ लाते समय सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद से बलराज गहरे सदमे में थे और अक्सर बेटे को याद कर भावुक हो जाते थे।
परिजनों के मुताबिक, बलराज अचानक घर से लापता हो गए। कुछ समय बाद गांव के ही युवकों ने नहर किनारे उनकी बाइक खड़ी देखी। पास जाकर देखने पर वहां उनके कपड़े, मोबाइल फोन और एक सुसाइड नोट भी मिला। इसके बाद तुरंत परिजनों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके से सभी सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि बेटे की मौत के गहरे दुख में डूबे बलराज ने नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या की हो सकती है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में नहर किनारे जमा हो गए हैं। प्रशासन की ओर से गोताखोरों को बुलाया गया है और नहर में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि बलराज का कोई सुराग मिल सके।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Akhil Mahajan