पानीपत में मजदूरों पर चढ़ा ट्रक, 5 बच्चों के पिता की मौत नूरवाला अड्डे पर दर्दनाक हादसा
पानीपत के नूरवाला अड्डे पर तेज रफ्तार ट्रक ने काम के इंतजार में बैठे मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में 5 बच्चों के पिता मोहम्मद आरिफ की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल है।
■ पानीपत के नूरवाला अड्डे पर तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों को कुचला
■ 5 बच्चों के पिता मोहम्मद आरिफ की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल
■ ड्राइवर पर नशे में होने का आरोप, ट्रक छोड़कर फरार
हरियाणा के पानीपत में रविवार सुबह नूरवाला अड्डे पर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। काम की तलाश में सड़क किनारे बैठे दिहाड़ी मजदूरों पर एक तेज रफ्तार ट्रक चढ़ गया। इस दर्दनाक घटना में 5 बच्चों के पिता मोहम्मद आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल है। हादसे के वक्त वहां सैकड़ों मजदूर मौजूद थे, जिन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। आरोपी ड्राइवर ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक रोज की तरह रविवार सुबह भी बड़ी संख्या में मजदूर नूरवाला अड्डे पर काम मिलने के इंतजार में बैठे थे। तभी अचानक एक ट्रक तेज रफ्तार में वहां पहुंचा और अनियंत्रित होकर मजदूरों की भीड़ की तरफ मुड़ गया। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, ट्रक ने दो मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। आरिफ ट्रक के टायर के नीचे आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजनों के मुताबिक आरिफ बेहद गरीब था और पांच छोटे बच्चों का पालन-पोषण करता था। वह रोजे से था और उम्मीद लेकर सुबह घर से निकला था कि काम मिलेगा तो शाम को बच्चों के लिए इफ्तारी का सामान लेकर जाएगा। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जैसे ही मौत की खबर परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। सिविल अस्पताल के शवगृह के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक शराब के नशे में था। उनका कहना है कि ड्राइवर ने जानबूझकर ट्रक को मजदूरों की ओर मोड़ा। हालांकि पुलिस ने अभी इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
नूरवाला अड्डा वह स्थान है जहां रोजाना सैकड़ों दिहाड़ी मजदूर काम की तलाश में इकट्ठा होते हैं। मजदूरों ने आरोप लगाया कि यहां ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। उनका कहना है कि प्रशासन को यहां स्पीड कंट्रोल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पानीपत के सामान्य अस्पताल के मोर्चरी हाउस में भिजवाया गया। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और फरार ड्राइवर की तलाश में टीमें जुटी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चश्मदीदों के बयान के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
shubham