पेट्रोल-डीजल संकट के बीच PM मोदी ने आधा किया अपना काफिला

पेट्रोल-डीजल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले में 50 फीसदी कटौती कर दी है। उन्होंने जनता से पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कारपूलिंग और WFH अपनाने की अपील की है।

पेट्रोल-डीजल संकट के बीच PM मोदी ने आधा किया अपना काफिला

पेट्रोल-डीजल संकट के बीच PM मोदी ने आधा किया अपना काफिला

SPG को इलेक्ट्रिक गाड़ियों के इस्तेमाल बढ़ाने के निर्देश

जनता से पब्लिक ट्रांसपोर्ट और WFH अपनाने की अपील

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संभावित तेल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा कदम उठाया है। देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील के बाद अब प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक काफिले में भी 50 फीसदी कटौती कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सुरक्षा में तैनात SPG को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उनके काफिले में अब कम वाहन शामिल किए जाएं। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाए। हालांकि नई गाड़ियों की खरीद फिलहाल नहीं की जाएगी।

बताया गया है कि हाल ही में वडोदरा और असम के गुवाहाटी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री के काफिले में वाहनों की संख्या कम रखी गई थी। असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भी यह बदलाव देखने को मिला।

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO ने इस दौरान सभी मुख्यमंत्रियों को प्रधानमंत्री के भाषण की प्रतियां भी उपलब्ध कराई थीं। इसमें ऊर्जा संकट के समय संयम बरतने और ईंधन की बचत के लिए विस्तृत कार्य योजना का जिक्र किया गया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोग निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करें और अधिक से अधिक मेट्रो, इलेक्ट्रिक बसों तथा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें। उन्होंने कारपूलिंग को भी बढ़ावा देने की बात कही।

पीएम मोदी ने कहा कि जिन लोगों के पास कार है, वे कोशिश करें कि एक ही वाहन में ज्यादा लोग सफर करें, ताकि ईंधन की बचत हो सके। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संसाधनों का सोच-समझकर इस्तेमाल करे।

प्रधानमंत्री ने सरकारी और निजी दफ्तरों से भी अपील की कि वे वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल मीटिंग्स को प्राथमिकता दें। उनका कहना था कि इससे ट्रैफिक और ईंधन दोनों की बचत होगी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से फिलहाल सोने की खरीदारी टालने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि देश का काफी पैसा सोने के आयात पर विदेश चला जाता है। ऐसे में जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक लोग सोने की खरीद से बचें।

सूत्रों का कहना है कि सरकार आने वाले दिनों में ऊर्जा बचत और ईंधन प्रबंधन को लेकर और भी कदम उठा सकती है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।