मोस्ट पावरफुल वुमन लिस्टमें स्मृति-आलिया शामिल,फॉर्च्यून इंडिया की 'मोस्ट पावरफुल वुमन 2026' सूची में नीता अंबानी पहले स्थान पर रहीं
फॉर्च्यून इंडिया की 'मोस्ट पावरफुल वुमन 2026' सूची जारी हो गई है। नीता अंबानी पहले स्थान पर रहीं, जबकि स्मृति ईरानी, आलिया भट्ट और कृति सेनन ने भी सूची में जगह बनाई।
फॉर्च्यून इंडिया की 'मोस्ट पावरफुल वुमन 2026' सूची में नीता अंबानी पहले स्थान पर रहीं
स्मृति ईरानी को 18वां, आलिया भट्ट को 32वां और कृति सेनन को 75वां स्थान मिला
बिजनेस, पब्लिक पॉलिसी, हेल्थकेयर और एंटरटेनमेंट समेत कई क्षेत्रों की प्रभावशाली महिलाओं को मिला सम्मान
फॉर्च्यून इंडिया ने अपनी प्रतिष्ठित 'मोस्ट पावरफुल वुमन 2026' सूची का 16वां संस्करण जारी कर दिया है। इस सूची में बिजनेस, पब्लिक पॉलिसी, एंटरप्रेन्योरशिप, हेल्थकेयर, मैन्युफैक्चरिंग और एंटरटेनमेंट सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली भारत की 100 प्रभावशाली महिलाओं को शामिल किया गया है।
इस वर्ष जारी सूची में रिलायंस फाउंडेशन की प्रमुख नीता अंबानी ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं दूसरे स्थान पर रोशनी नादर मल्होत्रा और तीसरे स्थान पर अपोलो हॉस्पिटल्स से जुड़ी रेड्डी बहनें—शोभना कामिनेनी, संगीता रेड्डी, प्रीथा रेड्डी और सुनीता रेड्डी—रहीं।
एंटरटेनमेंट और राजनीति दोनों क्षेत्रों में सक्रिय स्मृति ईरानी को इस सूची में 18वां स्थान मिला है। इन दिनों वह टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में तुलसी के किरदार से दर्शकों के बीच चर्चा में हैं।
फॉर्च्यून इंडिया के कार्यक्रम के दौरान स्मृति ईरानी ने महिला नेतृत्व और रोजगार सृजन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत के विकास के अगले चरण के लिए महिलाओं द्वारा रोजगार सृजित करने वाले व्यवसायों को अधिक संस्थागत सहयोग मिलना चाहिए।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर भी महत्वपूर्ण टिप्पणी की। उनका कहना था कि जब तक AI के प्रशिक्षण डेटा में महिलाओं का पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं होगा, तब तक यह तकनीक वास्तविक समानता स्थापित करने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाएगी।
बॉलीवुड से आलिया भट्ट ने सूची में 32वां स्थान हासिल किया है। अभिनय के साथ-साथ अपने बिजनेस और ब्रांड उपक्रमों के कारण भी उन्होंने प्रभावशाली महिलाओं की सूची में जगह बनाई है।
वहीं अभिनेत्री मसाबा गुप्ता को 56वां और कृति सेनन को 75वां स्थान मिला है। दोनों अपने-अपने ब्रांड और उद्यमों के जरिए व्यवसायिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
फॉर्च्यून इंडिया की यह सूची केवल लोकप्रियता के आधार पर नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, सामाजिक प्रभाव, व्यवसायिक उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान को ध्यान में रखकर तैयार की जाती है। यही कारण है कि इसमें अलग-अलग क्षेत्रों की महिलाओं को समान रूप से सम्मान दिया गया है।
pooja