'देश में एक बार फिर लॉकडाउन...', PM मोदी की अपील पर बोले राकेश टिकैत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ने दावा किया कि देश में फिर लॉकडाउन जैसे हालात बन सकते हैं। उन्होंने डीजल-पेट्रोल स्टॉक और नेताओं के काफिलों पर सवाल उठाए।

'देश में एक बार फिर लॉकडाउन...', PM मोदी की अपील पर बोले राकेश टिकैत

➤ राकेश टिकैत बोले- देश में फिर बन सकते हैं लॉकडाउन जैसे हालात

➤ PM मोदी की अपील के बाद बाजार में बढ़ी हलचल

➤ नेताओं के लंबे काफिलों पर भी उठाए सवाल


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील के बाद देशभर में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि देश में एक बार फिर लॉकडाउन जैसे हालात बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले लोगों से थाली बजवाई गई थी, अब फिर उसी तरह का माहौल तैयार होता दिखाई दे रहा है।

मुजफ्फरनगर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। लोग डीजल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर खरीदकर घरों में जमा करने लगे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार कह रही है कि किसी चीज की कमी नहीं है, तो फिर 45 दिन के स्टॉक की बातें क्यों की जा रही हैं।

नेताओं के काफिलों पर भी उठाए सवाल

राकेश टिकैत ने कहा कि अगर देश में ईंधन बचाने की जरूरत है तो सबसे पहले नेताओं के लंबे काफिलों पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कई नेताओं के साथ 20-20 गाड़ियों का काफिला चलता है, जिससे भारी मात्रा में डीजल और पेट्रोल खर्च होता है।

उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता पर बोझ डालने के बजाय अपने खर्चों में कटौती करनी चाहिए। टिकैत ने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले राष्ट्रपति तक ट्रेन से सफर किया करते थे।

ऑर्गेनिक खेती और महंगाई पर भी बोले टिकैत

किसान नेता ने ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कम खाद और कम पानी के इस्तेमाल से किसान प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ सकते हैं। साथ ही उन्होंने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि आम जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है।

बीजेपी के अगले राजनीतिक लक्ष्य पर भी टिप्पणी

राकेश टिकैत ने तीन राज्यों में बीजेपी की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी का अगला राजनीतिक लक्ष्य पंजाब और उत्तराखंड हो सकते हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।